जोसेफ विजय की पहली घोषणा- तमिलनाडु में हर घर को 200 यूनिट बिजली मुफ्त

0
HH8Sw5DaMAA44mn

चेननई{ गहरी खोज }: तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ विजय ने आज शपथ ग्रहण करने के बाद तमिलनाडु सचिवालय में राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने शपथ ग्रहण के बाद सबसे पहले महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल के गठन और घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने से जुड़ी पहली फाइलों पर हस्ताक्षर किए।
जोसेफ विजय ने सबसे पहले राज्य के सभी घरों को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा वाली फाइल पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल (सिंगप्पेन स्पेशल टास्क फोर्स) के गठन की फाइल पर हस्ताक्षर किए। विजय ने नशा विरोधी अभियान और मादक पदार्थों की रोकथाम से संबंधित फाइलों पर भी हस्ताक्षर किए।
विजय को इससे पहले चेन्नई स्थित जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में सुबह लगभग 10 बजे तमिलनाडु के प्रभारी राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं के नारों से स्टेडियम गूंज उठा। उनके पिता और निर्देशक एस. ए. चंद्रशेखर और उनकी मां शोभा भावुक हो गए।समारोह में उनके परिवार के सदस्य, फिल्म जगत की हस्तियां और गठबंधन दलों के नेता भी शामिल हुए।
इससे पहले आमतौर पर मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नेता सचिवालय जाकर फाइलों पर हस्ताक्षर करते रहे हैं, लेकिन विजय ने शपथ ग्रहण करते ही जनता के सामने फाइलों पर हस्ताक्षर किए। इसमें वह फाइल भी शामिल है, जिसमें हर दो महीने में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की गई है। विजय अपने भाषण की शुरुात “मेरे दिल में बसने वाले लोगों…” से कहकर की।
उन्होंने कहा, “मुझे भी पता है कि जिंदगी में गरीबी क्या होती है। भूख क्या होती है। यह भी मैं जानता हूं। मैं किसी राजघराने से नहीं आया हूं। मैं आपमें से ही एक हूं। आपके परिवार के एक सदस्य जैसा हूं। मैं खुद को हमेशा ऐसा ही महसूस करता हूं। और आपने भी मुझे उसी तरह अपनाया, तभी आपने मुझे सिनेमा में इतना बड़ा स्थान दिया। विजय ने कहा, “मैं आप लोगों का ऋण चुकाने के लिए राजनीति में आया। तब आपने मुझसे कहा— ‘आओ विजय… हम संभाल लेंगे।’ आपने मुझे इतना प्यार और अपनापन देकर स्वीकार किया।”
विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं और कांग्रेस, वीसीके व वामदलों के समर्थन से बहुमत का आंकड़ा 118 पार किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता शपथ समारोह में शामिल हुए। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सरकार बनाने में समर्थन देने के लिए कांग्रेस, वीसीके और वामदलों को धन्यवाद किया है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने लोगों से अपील की कि उन्हें कामकाज के लिए उचित समय दिया जाए ताकि परिणाम दिखाए जा सकें। उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने और पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ने की बात कही। साथ ही उन्होंने पिछली सरकार पर राज्य पर भारी कर्ज डालने का आरोप लगाया और कहा कि वह जनता से झूठे वादे नहीं करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *