निगम क्षेत्र में घरों से दो-दो दिन बाद उठ रहा कचरा, वार्डों में फैलने लगी गंदगी

0
f4aa87bb675152376ff811bf019d0fc1

सफाई शुल्क समय पर, लेकिन कचरा संग्रहण व्यवस्था बदहाल; लोग घरों के बाहर फेंकने लगे कचरा

धमतरी{ गहरी खोज }: नगर निगम की कचरा संग्रहण व्यवस्था इन दिनों सवालों के घेरे में है। शहर के कई वार्डों में दो से तीन दिन के अंतराल में ही कचरा उठाया जा रहा है, जिससे घरों में गंदगी जमा होने लगी है। हालत यह है कि मजबूरी में लोग घरों के बाहर खाली स्थानों पर कचरा फेंकने लगे हैं। तेज हवा के साथ सूखा कचरा घरों के आंगन तक पहुंच रहा है, वहीं दुर्गंध से भी रहवासियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार नगर निगम के 40 वार्डों में नौ महिला स्वच्छता समूहों के माध्यम से कचरा संग्रहण का कार्य कराया जा रहा है। महिलाओं को एक साथ दो-दो वार्डों की जिम्मेदारी दिए जाने के कारण सप्ताह में केवल दो या तीन दिन ही कचरा वाहन पहुंच पा रहा है। बताया जा रहा है कि कई क्षेत्रों में सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को ही कचरा संग्रहण किया जा रहा है। नगर निगम द्वारा प्रत्येक घर में गीला और सूखा कचरा अलग अलग रखने के लिए हरे और नीले रंग के डिब्बे वितरित किए गए हैं, लेकिन नियमित कचरा उठाव नहीं होने से डिब्बे भरते जा रहे हैं। ऐसे में लोग फिर से सड़कों और खाली जगहों पर कचरा फेंकने को मजबूर हो रहे हैं।
सोरिद कॉलोनी काली मंदिर क्षेत्र के रहवासियों ने बताया कि यहां करीब 250 परिवार निवासरत हैं, लेकिन समय पर सफाई नहीं होने से गंदगी बढ़ती जा रही है। क्षेत्र के नागरिक सचिन मिश्रा, सागर सोनी और देवेश सोनी ने आरोप लगाया कि नगर निगम केवल कुछ वार्डों को दिखावे के लिए चमकाया जा रहा है, जबकि कई इलाकों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। वहीं अवधेश ठाकुर, सोनू पांडे, सुमन पांडे और राकेश सालोमान ने कहा कि नगर निगम को सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता देनी चाहिए। प्रतिदिन नियमित कचरा उठाव सुनिश्चित किया जाए, क्योंकि नागरिक हर महीने समय पर सफाई शुल्क जमा कर रहे हैं। इसके बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं दिखाई दे रहा। बढ़ती गंदगी और अव्यवस्था से परेशान लोग अब नगर निगम के टोल फ्री नंबर 1100 पर लगातार शिकायत दर्ज कराने लगे हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। इस संबंध में नगर निगम के स्वास्थ्य प्रभारी कमलेश ठाकुर ने कहा कि शहर के 40 वार्डों में स्वच्छता समूह की महिलाओं द्वारा प्रतिदिन घरों से कचरा उठाया जा रहा है। यदि सोरिद वार्ड में ऐसी शिकायत है तो उसकी जांच करा लेते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *