शादी समारोह में जा रहे युवक को मारी गोली

0
224742f304bc507c0ba0daef46dced1b

सुपौल{ गहरी खोज }: सुपौल में शनिवार देर शाम शादी समारोह में शामिल होने जा रहे एक युवक पर बाइक सवार बदमाश ने गोली चला दी। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला नदी थाना क्षेत्र के सरोजा कोनी गांव का है, जहां फायरिंग की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।घायल युवक की पहचान गम्हरिया वार्ड-9 निवासी राजेंद्र कामत के 21 वर्षीय बेटे संतोष कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि संतोष अपने एक दोस्त और एक अन्य युवक के साथ बुलेट बाइक से सरोजाबेला पंचायत के बेलहा गांव शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान सरोजा कोनी गांव के पास पीछे से आए एक बाइक सवार युवक ने उनकी बाइक रोकने की कोशिश की और अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। गोली संतोष के पैर में घुटने के ऊपर जा लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग के दौरान संतोष ने खुद को बचाने की कोशिश की, जिससे गोली शरीर के संवेदनशील हिस्से में नहीं लगी और बड़ा हादसा टल गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही नदी थानाध्यक्ष शिशुपाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल युवक को आनन-फानन में एंबुलेंस से अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली भेजा गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर जावेद अहमद ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
अस्पताल में मौजूद परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव के ही मनोज यादव ने पुरानी रंजिश को लेकर संतोष पर हमला कराया है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।थानाध्यक्ष शिशुपाल ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल घायल संतोष कुमार की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन अचानक हुए हमले के बाद वह मानसिक रूप से सदमे में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *