सीएम सम्राट चौधरी ने अमित शाह और निर्मला सीतारमण से मुलाकात की

0
202605033774417

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने खुद इसकी जानकारी दी। सीएम सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सुरक्षा, सुशासन एवं बिहार के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
उन्होंने अपने दूसरे ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से शिष्टाचार मुलाकात कर बिहार के आर्थिक विकास, समग्र उन्नयन और प्रगति के विभिन्न आयामों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।” इससे पहले मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और बिहार प्रभारी, साथ ही राज्यसभा सदस्य विनोद तावड़े से शिष्टाचार भेंट की। साथ ही उन्होंने नई दिल्ली में रविवार को बिहार एनडीए के नेताओं में शामिल जीतन राम मांझी, ललन सिंह और नित्यानंद राय से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि दिल्ली दौरे पर आए सीएम सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर भाजपा नेतृत्व से चर्चा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि दिल्ली की बैठक के बाद ही नए मंत्रियों के नामों पर अंतिम मुहर लगेगी।
बता दें कि बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रिमंडल विस्तार होना बाकी है। सीएम सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी। वह राज्य में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं। उनके साथ विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव ने उपमुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *