पंजाबी बाग पुलिस ने बिजली चोरी के चार घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया

0

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली पुलिस की पंजाबी बाग टीम ने बिजली चोरी के मामलों में फरार चल रहे चार घोषित अपराधियों को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया है। ये सभी आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर थे। पंजाबी बाग पुलिस स्टेशन के प्रभारी पुलिस उप-निरीक्षक मुकेश यादव के नेतृत्व में और एसीपी जय प्रकाश और एसएचओ संजय दहिया की निगरानी में मादीपुर की एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम को भगोड़ों को पकड़ने का काम सौंपा गया था।
1 मई को सूचना मिली कि मादीपुर इलाके में अपराधी छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत छापेमारी की और गुप्त सूत्र की मदद से चारों आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कोमल उर्फ कमलेश (30 वर्ष), वंदना (33 वर्ष), विनोद (40 वर्ष) और मनोज (43 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी बिजली अधिनियम के विभिन्न मामलों में शामिल थे। बिजली अदालत, तीस हजारी कोर्ट द्वारा उन्हें ‘घोषित अपराधी’ घोषित किया जा चुका था।
पुलिस के अनुसार, इन पर बीएसईएस राजधानी पावर लिमिटेड और बीआरपीएल से संबंधित बिजली चोरी के कई मामले दर्ज थे। गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब इन अपराधियों से आगे पूछताछ कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पंजाबी बाग पुलिस का कहना है कि भगोड़ों और घोषित अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों को कानून के दायरे में लाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इस सफल कार्रवाई से इलाके में बिजली चोरी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *