अमर कॉलोनी में आईआरएस अधिकारी की बेटी की हत्या, दुष्कर्म के बाद गला घोंटने की आशंका

0
Delhi-IRSDaughterMurderRahulMeena-(1)-1776851172716_m

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की 21 वर्षीय बेटी की घर के भीतर ही हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, मृतका 1997 बैच के आईआरएस अधिकारी की बेटी थी। उसने हाल ही में इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और इन दिनों संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी कर रही थी। परिवार के मुताबिक, वह घर पर ही पढ़ाई कर रही थी। ऐसे में घर के भीतर हुई इस वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात बेहद क्रूर तरीके से अंजाम दी गई। आशंका जताई जा रही है कि पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया गया और उसके बाद मोबाइल चार्जर की तार से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुष्कर्म की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
मामले में शक की सुई घर के एक पूर्व नौकर पर जाकर टिक गई है। बताया जा रहा है कि राजस्थान का रहने वाला यह नौकर करीब दो महीने पहले तक घर में काम करता था, लेकिन उसके व्यवहार के चलते उसे निकाल दिया गया था। बुधवार सुबह वह अचानक घर के आसपास देखा गया था, जिसके बाद से वह फरार है।
घटना की सूचना मिलते ही दक्षिण-पूर्वी जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आरोपी की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। वहीं, इस घटना के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *