पानीपत की पहली लड़ाई में बाबर की जीत से भारत में मुगल शासन की नींव पड़ी

0
sdfeewdsw33

नयी दिल्ली{ गहरी खोज }: इक्कीस अप्रैल का दिन देश के इतिहास में एक निर्णायक मोड़ लेकर आया। वर्ष 1526 में वह 21 अप्रैल का ही दिन था, जब काबुल के शासक जहीरूद्दीन मोहम्मद बाबर और दिल्ली की सल्तनत के सम्राट इब्राहिम लोदी के बीच पानीपत की पहली लड़ाई हुई।
इस लड़ाई में बाबर ने जहां तोपों का इस्तेमाल किया, वहीं लोदी ने हाथियों की परंपरागत ताकत के दम पर जंग लड़ी, लेकिन बाबर की सेना संख्या में कम होने के बावजूद लोदी की सेना पर भारी पड़ी। इस लड़ाई में लोदी मारा गया और भारत में मुगल साम्राज्य की नींव पड़ी।
दुनिया के विभिन्न देशों में देशभक्ति के तराने तो हजारों हुए हैं, लेकिन अल्लामा इकबाल की कलम से निकले ‘‘सारे जहां से अच्छा…हिंदोस्तां हमारा’’ का जवाब नहीं है। यह देशप्रेम की एक ऐसी रचना है जो भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान ब्रिटिश राज के विरोध का प्रतीक बनी। इस गीत को मुहम्मद इक़बाल ने 1905 में लिखा था और सबसे पहले सरकारी कालेज, लाहौर में पढ़कर सुनाया था। 21 अप्रैल की तारीख इतिहास में इकबाल की पुण्यतिथि के रूप में दर्ज है।
21 अप्रैल 2019 को श्रीलंका में गिरजाघरों और पांच सितारा होटलों में ईस्टर के मौके पर हुए आत्मघाती हमलों समेत आठ बम धमाकों में 270 लोगों की मौत हो गयी जबकि करीब 500 अन्य लोग घायल हो गये। ये विस्फोट सुबह करीब पौने नौ बजे ईस्टर प्रार्थना सभा के दौरान कोलंबो के सेंट एंथनी गिरजाघर, पश्चिमी तटीय शहर नेगोम्बो के सेंट सेबेस्टियन गिरजाघर और बट्टिकलोवा के जियोन गिरजाघर में हुए। कोलंबो के तीन पांच सितारा होटलों – शांगरी ला, सिनामोन ग्रैंड और किंग्सबरी को भी निशाना बनाया गया।
21 अप्रैल 2025 को अपने विनम्र स्वभाव और गरीबों के प्रति चिंता से एक सहृदय पोप के रूप में विश्व पर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले कैथोलिक समुदाय के पहले लैटिन अमेरिकी पादरी पोप फ्रांसिस का वेटिकन सिटी में 88 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। पोप के रूप में अपने पहले अभिवादन- एक उल्लेखनीय सामान्य ‘बुओनासेरा’ (शुभ संध्या) से लेकर शरणार्थियों और वंचितों को गले लगाने तक, फ्रांसिस ने पोप पद के लिए एक अलग ही मिसाल पेश की थी। उन्होंने घोटाले और उदासीनता के आरोपों से घिरे कैथलिक चर्च के लिए अहंकार की तुलना में विनम्रता पर जोर दिया।

देश-दुनिया के इतिहास में 21 अप्रैल की तारीख पर दर्ज अन्य प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार हैं-

1451 : लोदी वंश का संस्थापक बहलोल खां लोदी दिल्ली का शासक बना।
1526 : मुगल शासक बाबर और इब्राहिम लोदी के बीच पानीपत की पहली लड़ाई में इब्राहिम लोदी मारा गया और भारत में मुगल शासन की नींव पड़ी।
1895 : अमेरिका में विकसित पहले फिल्म प्रोजेक्टर ‘पैनटॉप्टिकॉन’ का प्रदर्शन किया गया।
1926 : इंग्लैंड की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय का जन्म। उनका पूरा नाम एलिजाबेथ एलेक्जेंद्रा मेरी है और सबसे लंबे समय तक इंग्लैंड पर शासन करने का रिकार्ड उनके नाम पर है।
1938 : ‘सारे जहां से अच्‍छा हिंदोस्‍तां हमारा’… के रचयिता मशहूर शायर मोहम्मद इकबाल का पाकिस्तान के लाहौर में निधन।
1941 : यूनान ने नाजी जर्मनी के समक्ष आत्मसमर्पण किया।
1945 : दूसरे विश्व युद्ध के दौरान सोवियत संघ की सेना ने जर्मनी के बर्लिन शहर के कुछ बाहरी इलाक़ों पर कब्जा कर लिया। इसे हिटलर के खिलाफ एक बड़ी जीत माना गया।
1960 : ब्रासीलिया शहर को ब्राजील की राजधानी बनाया गया।
1975 : दक्षिण वियतनाम के राष्ट्रपति थिऊ ने इस्तीफा दिया।
1987 : श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में बम धमाके में 100 से ज्यादा लोगों की मौत। कार में रखे विस्फोटक में धमाके का आरोप लिट्टे पर लगा। घटना में 300 लोग घायल भी हुए।
1989 : चीन के थ्येनआन मन चौराहे पर छात्रों का विशाल प्रदर्शन।
1996 : भारतीय वायु सेना के अधिकारी संजय थापर को पैराशूट के जरिए उत्तरी धुव्र पर उतारा गया।
2018 : चीन में नौका डूबी, 11 लोगों की मौत।
2019 : श्रीलंका में ईस्टर पर हुए श्रृंखलाबद्ध बम धमाकों में 270 लोगों की मौत, करीब 500 लोग घायल।
2021 : पद्म भूषण से सम्मानित प्रसिद्ध बंगाली कवि शंख घोष का 89 वर्ष की उम्र में कोलकाता में निधन । रवींद्र नाथ टैगोर की साहित्यिक विरासत को आगे बढ़ाने वाला रचनाकार माने जाने वाले घोष को 2011 में पूद्म भूषण से और 2016 में प्रतिष्ठित ज्ञानपीठ पुरस्कार से नवाजा गया। पुस्तक ‘बाबरेर प्रार्थना’ के लिए उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार भी मिला।
2024 : गाजा के दक्षिणी शहर रफह में इजराइल के हमलों में 22 लोगों की मौत।
2025 : अपने विनम्र स्वभाव और गरीबों के प्रति चिंता से एक सहृदय पोप के रूप में विश्व पर अपनी अमिट छाप छोड़ने वाले कैथोलिक समुदाय के पहले लैटिन अमेरिकी पादरी पोप फ्रांसिस का वेटिकन सिटी में 88 वर्ष की उम्र में निधन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *