40 के बाद घिसने लगती है हड्डियां, घुटने से आने लगती है आवाज़, डॉक्टर से जानें बढ़ती उम्र में कैसे बनाएं हड्डियों को मजबूत
लाइफस्टाइल डेस्क { गहरी खोज }:बढ़ती उम्र के साथ शरीर में कई बदलाव आने लगते हैं, जिनमें हड्डियों का कमजोर होना एक आम समस्या है। खासकर 40 की उम्र पार करने के बाद कई लोगों को घुटनों से आवाज आना, जोड़ों में दर्द और अकड़न जैसी दिक्कतें महसूस होने लगती हैं। दिल्ली में स्थित आस्था अस्पताल में कंसल्टेंट और आर्थोपेडिक सर्जन, डॉ. दीपक कुमार के अनुसार, यह स्थिति अक्सर हड्डियों की घिसावट और कैल्शियम की कमी के कारण होती है, जिसे नजरअंदाज करने पर आगे चलकर ऑस्टियोपोरोसिस जैसी गंभीर बीमारी का खतरा भी बढ़ सकता है।
घुटनों से कट-कट की आवाज क्यों आती है?
उम्र बढ़ने के साथ शरीर में कैल्शियम और विटामिन D का अवशोषण कम हो जाता है, जिससे हड्डियां धीरे-धीरे कमजोर होने लगती हैं। महिलाओं में यह समस्या मेनोपॉज के बाद और अधिक बढ़ जाती है, क्योंकि इस दौरान हार्मोनल बदलाव हड्डियों की घनत्व को तेजी से कम कर देते हैं। यही कारण है कि घुटनों से ‘कट-कट’ की आवाज आना या सीढ़ियां चढ़ते-उतरते दर्द होना आम हो जाता है।
सही जीवनशैली अपना है ज़रूरी
अच्छी डाइट: सही खानपान और जीवनशैली अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है। रोजाना आहार में कैल्शियम से भरपूर चीजें जैसे दूध, दही, पनीर, हरी पत्तेदार सब्जियां और बादाम शामिल करना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही विटामिन D के लिए धूप में कुछ समय बिताना भी फायदेमंद होता है, क्योंकि यह कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है।
एक्सरसाइज़ है ज़रूरी: हड्डियों को मजबूत बनाए रखने के लिए नियमित एक्सरसाइज भी बेहद अहम भूमिका निभाती है। वेट-बियरिंग एक्सरसाइज जैसे वॉकिंग, योग और हल्की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग हड्डियों की मजबूती बढ़ाने में मदद करती हैं। डॉक्टर सलाह देते हैं कि रोजाना कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि जरूर करें, ताकि हड्डियां लंबे समय तक स्वस्थ बनी रहें।
धूम्रपान और शराब से बनाएं दूरी: इसके अलावा, कुछ आदतों से दूरी बनाना भी जरूरी है। धूम्रपान और अत्यधिक शराब का सेवन हड्डियों को कमजोर कर सकता है। साथ ही, अत्यधिक जंक फूड और मीठे पेय पदार्थों का सेवन भी हड्डियों के लिए नुकसानदायक होता है। इसलिए संतुलित आहार और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना बेहद जरूरी है।
