कांस्टेबल की सूझबूझ से 40 यात्रियों की जान बची, बेकाबू बस पेड़ से टकराकर रुकी

0
bfd09d4551cfaac68775207a85b41544

बाड़मेर{ गहरी खोज }: जिले के सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब बेकाबू हुई रोडवेज बस को एक कांस्टेबल ने अपनी सूझबूझ से नियंत्रित कर लगभग 35-40 यात्रियों की जान बचा ली। यह घटना बलाऊ फांटे के पास की है। जानकारी के अनुसार, बाड़मेर से चौहटन जा रही रोडवेज बस के आगे चल रही एक पिकअप ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इस दौरान बस चालक संतुलन खो बैठा और ब्रेक लगाने के प्रयास में सीट से नीचे गिर गया, जिससे बस बेकाबू हो गई।
बस के केबिन में बैठे धनाऊ थाने के कांस्टेबल जेठाराम ने तुरंत स्थिति को भांपते हुए स्टेयरिंग संभाल लिया। उन्होंने बताया कि अचानक ड्राइवर के गिरने से कुछ समझ नहीं आया, लेकिन उन्होंने तुरंत ड्राइवर की सीट संभालकर बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
हालांकि बस के ब्रेक काम नहीं कर रहे थे, ऐसे में कांस्टेबल ने जोखिम उठाते हुए बस को सड़क से नीचे उतार दिया, ताकि उसे किसी तरह रोका जा सके। तेजी से आगे बढ़ती बस सड़क किनारे झाड़ियों को रौंदते हुए करीब 150 मीटर अंदर चली गई और अंततः एक पेड़ से टकराकर रुक गई। बस जहां रुकी, वहां से करीब 7 फीट आगे 15 फीट गहरी खाई थी। अगर बस कुछ और आगे बढ़ती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
इस चार मिनट के घटनाक्रम के दौरान बस में सवार यात्रियों की सांसें थम गईं। बस में अधिकतर महिलाएं सवार थीं। राहत की बात यह रही कि बस पलटी नहीं और न ही खाई में गिरी, जिससे सभी यात्री सुरक्षित बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कांस्टेबल जेठाराम ने उनकी मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बस से उतारा और बाद में उन्हें दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अचानक ब्रेक लगाने और चालक के संतुलन खोने के कारण यह स्थिति बनी। घटना के बाद एक यात्री ने बताया कि जब बस सड़क से नीचे उतर गई तो डर का माहौल बन गया था, लेकिन सामने पेड़ देखकर उम्मीद जगी कि बस टकराकर रुक जाएगी और ऐसा ही हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *