अवैध डीजल भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3100 लीटर डीजल जब्त

0
c2a3209d6e8d12d80e15a96cc767f17c_1395271522

धमतरी{ गहरी खोज }: जिले में अवैध रूप से पेट्रोलियम पदार्थों के भंडारण पर नकेल कसते हुए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कुरुद-धमतरी मार्ग स्थित सर्वेश्वर ऑटो फ्यूल्स में औचक निरीक्षण के दौरान लगभग 3100 लीटर डीजल जब्त किया गया है। कुरुद थाने से बुधवार काे मिली जानकारी के अनुसार, कल शाम थाना प्रभारी कुरुद को शिकायत प्राप्त हुई थी। इसके बाद अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने पेट्रोल पंप परिसर में छापा मारा। निरीक्षण के दौरान पंप के पीछे बने स्टोर रूम और परिसर में संदिग्ध तरीके से डीजल का भंडारण पाया गया। जांच में 4 ड्रम पूरी तरह भरे, 2 ड्रम आधे भरे, 32 खाली ड्रम और 2 मिनी टैंकर वाहनों में करीब 2100 लीटर डीजल मिला। इस प्रकार कुल मिलाकर लगभग 3100 लीटर डीजल का अवैध भंडारण सामने आया। संयुक्त टीम ने मौके पर ही डीजल सहित संबंधित सामग्री को जब्त कर लिया और प्रारंभिक जांच प्रतिवेदन तैयार कर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को सौंप दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *