एलपीजी से लदे भारत के दो जहाजों पाइन गैस और जग वसंत ने नौसेना की निगरानी में होर्मुज पार किया

0
73130a73b2b120867a353caca7b25e17
  • सरकार ने एलपीजी की आपूर्ति को बताया सामान्य, पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के निर्देश

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच केंद्र सरकार ने देश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है। सरकार ने एलपीजी की आपूर्ति को सामान्य बताने के साथ ही पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।एलपीजी से भरे हुए भारत के दो जहाज पाइन गैस और जग वसंत नौसेना की निगरानी में भारत की ओर बढ़ रहे हैं और दोनों जहाजों ने सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर लिया है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव (मार्केटिंग और ऑयल रिफाइनरी) सुजाता शर्मा ने मंगलवार को यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी रिटेल आउटलेट्स पर काम सामान्य रूप से चल रहा है। हमारे फ्यूल स्टेशनों पर पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि कृपया अफ़वाहों पर ध्यान न दें और घबराकर खरीदारी करने से बचें। शर्मा ने कहा कि सोमवार को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) ने सभी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) संस्थाओं को निर्देश दिया है कि वे पांच दिनों के भीतर आवासीय स्कूलों, कॉलेजों, हॉस्टलों, कम्युनिटी किचन, आंगनवाड़ी आदि को पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराएं, जहां भी आस-पास पाइपलाइन का इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध हो।
उन्होंने कहा कि मौजूदा भू-राजनीतिक हालात की वजह से एलपीजी की सप्लाई पर असर पड़ा है, लेकिन बहुत सारा कार्गो लाइन में लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरशिप पर किसी तरह की कमी की खबर नहीं है। शर्मा ने कहा कि कल हमने कुछ घबराहट में की गई बुकिंग भी देखी, लेकिन डिलीवरी सामान्य रही। पेट्रोल और डीज़ल की सप्लाई भी पूरी है। सभी घरेलू ग्राहकों को एलपीजी सिलेंडर भी दिए जा रहे हैं। घरेलू ग्राहकों के लिए पीएनजी की सप्लाई 100 फीसदी है।
शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश सिन्हा ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में सभी भारतीय जहाज और नाविक सुरक्षित हैं। पिछले 24 घंटों में किसी भी समुद्री घटना की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि कल देर शाम भारत का झंडा लगे दो एलपीजी कैरियर जहाज ‘पाइन गैस और जग वसंत’ ने सुरक्षित रूप से होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर लिया है। वे भारत की ओर बढ़ रहे हैं। राजेश सिन्हा ने कहा कि पाइन गैस में 45 हजार मीट्रिक टन एलपीजी लदी है और इसके 27 मार्च की सुबह तक न्यू मैंगलोर बंदरगाह पर पहुंचने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि दूसरा एलपीजी कैरियर जहाज जग वसंत करीब 47,600 मीट्रिक टन एलपीजी लेकर आ रहा है, जो कांडला की ओर बढ़ रहा है। इसके 26 मार्च को वहां पहुंचने का अनुमान है। इस प्रकार फारस की खाड़ी से इन दोनों जहाजों के रवाना होने के बाद अब फारस की खाड़ी में भारत का झंडा लगे 20 जहाज मौजूद हैं, जिन पर 540 भारतीय नाविक सवार हैं। किसी भी बंदरगाह पर जहाजों की भीड़ (कंजेशन) की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *