ईद पर मस्जिदों में अदा की गई विशेष नमाज, भोपाल में लगे अमेरिका-इजराइल के खिलाफ नारे
भोपाल{ गहरी खोज }: देशभर के साथ ही मध्य प्रदेश में भी रमजान माह में 30 दिन रोजे करने के बाद शनिवार को ईद-उल-फितर का पर्व मनाया जा रहा है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, उज्जैन सहित प्रदेशभर में इस मौके पर मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई। वहीं, भोपाल में शिया समुदाय के लोगों ने काली ईद मनाई और नमाज के बाद अमेरिका-इजराइल के खिलाफ नारे लगाए।
दरअसल, भोपाल के शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी के ऐलान के बाद भोपाल में शनिवार को ईद मनाई जा रही है। यहां ईदगाह में सुबह 7:30 बजे पहली नमाज अदा हुई। इसके बाद जामा मस्जिद में 7:45 बजे, ताज-उल मसजिद में 8 बजे और मोती मस्जिद में 8:15 बजे नमाज हुई। ताज-उल-मसाजिद में मौलाना हस्सान साहब की सरपरस्ती में खास दुआ कराई गई। इस मौके पर बड़ी तादाद में नमाज़ियों ने शिरकत की। ईदगाह पर शहर काजी मुश्ताक अली नदवी, ताजुल मस्जिद में मौलाना हस्सान साहब, मोती मस्जिद में शहर मुफ्ती मौलाना अब्दुल कलाम नमाज अदा कराई।
वहीं, भोपाल के फतेहगढ़ इमामबाड़ा में इस बार ईद-उल-फितर का मंजर बदला हुआ नजर आया। खुशियों के पारंपरिक उल्लास के बजाय यहां गम और विरोध का माहौल दिखा। यहां शिया समुदाय ने काली ईद मनाई। फतेहगढ़ इमामबाड़ा में ईरान-फिलिस्तीन के हालातों से आहत होकर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने काली पट्टी बांधकर नमाज अदा की और अपना विरोध दर्ज कराया। साथ ही नमाज के बाद में अमेरिका और इजराइल के खिलाफ के नारे लगाए।
नमाज के बाद मौलाना राजी उल हसन ने सामूहिक दुआ कराई, जिसमें ईरान की स्थिरता और मस्जिद-ए-अक्सा (फिलिस्तीन) की आजादी के लिए विशेष प्रार्थना की गई। मौलाना ने अमेरिका और इजरायल की नीतियों की कड़े शब्दों में आलोचना करते हुए उन्हें वैश्विक अशांति का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने समाज से अपील की कि इस बार घरों में पकवान न बनाकर सादगी से ईद मनाएं, ताकि दुनिया को एकजुटता और संवेदनशीलता का संदेश दिया जा सके। साथ ही हिंदुस्तान में पहले जैसी अमन-चैन, आपसी भाईचारे और नफरत के खात्मे के लिए भी विशेष दुआ मांगी गई। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी के रुख का जिक्र करते हुए उनके विचारों की सराहना भी की।
इंदौर में ईद के मौके पर शहर काजी डॉ. इशरत अली विंटेज कार से सदर बाजार ईदगाह पहुंचे। इंदौर में सलवाड़िया परिवार करीब 60 साल से शहर काजी को उनके घर से लेकर सदर बाजार ईदगाह पर लाने और छोड़ने की परंपरा निभाते आ रहा है। आज भी ईद के मौके पर सलवाड़िया परिवार की दूसरी पीढ़ी सत्यनारायण सलवाड़िया विंटेज कार और बग्घी लेकर राजमोहल्ला स्थित शहर काजी के घर पहुंचे और उन्हें सदर बाजार ईदगाह लाने वाले जाने का काम किया। इस दौरान शहर काजी ने अपने संदेश में युवाओं को सोशल मीडिया से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने मौजूदा वैश्विक हालात और युद्ध के मुद्दों पर भी चिंता जताई और अमन-चैन बनाए रखने की अपील की। सत्यनारायण सलवाड़िया ने बताया कि मेरे पिता रामचंद्र सलवाड़िया ने इसकी शुरुआत की थी। इसके बाद से यह परंपरा जारी है। पहले हमारे पिताजी शहर काजी के पिताजी को लेकर ईदगाह लेकर जाते थे। अब वही परंपरा हम निभा रहे हैं।
खंडवा में ईदगाह पर मुख्य नमाज से पहले तकरीर दी गई। मौलाना ने कहा कि कुरान में महिलाओं के हक की बात की गई है। उन्हें खुशियां देने, अधिकार देने का जिक्र है। वहीं, रीवा की सुन्नी जामा मस्जिद हमीदिया कॉलोनी, जामा मस्जिद बड़ी दरगाह, बाणसागर मस्जिद, फलकनुमा मस्जिद और खुशबू गिरान मस्जिद, रानीगंज, बिछिया, तरहटी और अमहिया क्षेत्र की मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की गई। खरगोन में मोहम्मद लुकमान साहब ने शहर की बड़ी ईदगाह में ईद का विशेष नमाज अदा कराई। उन्होंने देश और समाज की तरक्की की लिए दुआ की। इसके बाद मुबारकबाद का सिलसिला शुरू हुआ।
बालाघाट में मुस्लिम धर्मावलंबियों ने ईद का त्योहार आस्था और उत्साह के साथ मनाया। पुलिस लाइन स्थित ईदगाह में सुबह 8:45 बजे मौलाना समशिर-ए-हक मिस्बाइल ने नमाज अदा कराई, जबकि जामेआ नूरिया मदरसा में 9:15 बजे मौलाना अफताब की सरपरस्ती में नमाज हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और परंपरानुसार विशेष नमाज अदा की। नमाज के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी गई और अमन-चैन की दुआएं मांगी गईं।
रतलाम के लक्कड़पीठा स्थित पुरानी ईदगाह में शहर काजी अहमद अली ने ईद-उल-फितर की विशेष नमाज कराई। बच्चों से लेकर बड़ों तक में त्योहार को लेकर भारी उत्साह देखा गया। इस अवसर पर महापौर प्रहलाद पटेल, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ईदगाह पहुंचकर सभी को गले मिलकर मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। महापौर प्रहलाद पटेल ने मुस्लिम समाज को ईद की मुबारक बाद दी। कहा- आज इबादत का दिन है। सभी मिलजुल कर रहें। देश की तरक्की में सहयोग करें।
रायसेन में ईदगाह पर ईद की विशेष नमाज अदा की जा रही है। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग इसमें शामिल हुए हैं। देश की खुशहाली के लिए दुआ पढ़ी जा रही है। इस बार ईदगाह के बाहर रोड तक बैठ कर नमाज पढ़ रहे हैं। इस मौके पर प्रशासन भी मौजूद है। भिंड की मस्जिदों में शनिवार सुबह ईद-उल-फितर की नमाज हुई। अकीदतमंदों ने सामूहिक रूप से देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
इस अवसर पर विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाह और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जामा मस्जिद पहुंचकर नमाजियों को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। इसी तरह प्रदेशभर में ईद का पर्व मनाया जा रहा है और मुस्लिम समाजजन एक-दूसरे को मुबारकबाद दे रहे हैं।
