रायगढ़ जिले में कंटेनर कार पर पलटा, 3 लोगों की मौत, 5 घायल

0
road-accident-5

मुंबई{ गहरी खोज }:मुंबई के पास रायगढ़ जिले के खोपोली में बुधवार को मुंबई-पुणे हाईवे पर ब्रेक फेल होने के बाद एक अनियंत्रित कंटेनर कई वाहनों को टक्कर मारते हुए एक कार पर पलट गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर पुणे से मुंबई की ओर जाने वाली लेन में खोपोली के पास नई टनल के समीप हुई। अचानक कंटेनर का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कंटेनर ने रास्ते में चल रही कई गाड़ियों को टक्कर मार दी और अंततः एक कार के ऊपर पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही खोपोली आईआरबी पेट्रोलिंग, देवदूत सिस्टम, बोरघाट हाईवे ट्रैफिक पुलिस, खोपोली पुलिस स्टेशन, डेल्टा फोर्स, महाराष्ट्र सिक्योरिटी फोर्स सहित अन्य राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। सभी टीमों ने मिलकर त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायलों का इलाज जारी है। मृतकों और घायलों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। खोपोली पुलिस स्टेशन की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *