पन्द्रह हजार करोड़ के जीएसटी घोटाले का मास्टरमाइंड गिरफ्तार

0
346404bc9dec9eab4f18fc3e158b6064

नोएडा{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नोएडा ने 15 हजार करोड़ रुपये के बहुचर्चित जीएसटी घोटाले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को शनिवार को रविदास चौक डोगरान मोहल्ला हिसार हरियाणा से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान हिसार हरियाणा के बलदेव उर्फ बल्ली (38) के रूप में हुई है।
यूपी एसटीएफ (नोएडा यूनिट) के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी बलदेव उर्फ बल्ली पर कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की ओर से 50,000 रुपये का पुरस्कार घोषित था। वह थाना सेक्टर-20 में 2023 में दर्ज हुए एक मुकदमे समेत अन्य तीन मामलों में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे पंजीकृत हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने वर्ष 2012 में पंजाब यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की थी। पढ़ाई के बाद उसने हिसार में मेडिकल स्टोर खोला, लेकिन लाभ न होने के कारण व्यवसाय बंद करना पड़ा। वर्ष 2014 में वह पुरानी गाड़ियों की खरीद-फरोख्त का काम करने लगा। इसी दौरान उसकी मुलाकात दिल्ली निवासी अर्चित गोयल से हुई, जो एक पुरानी कार खरीदने आया था। इस पहचान के बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और पैसों के लालच में आकर बलदेव ने कथित तौर पर जीएसटी फ्रॉड के नेटवर्क में कदम रखा था।
उन्होंने बताया कि एसटीएफ टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपित अपने घर हिसार में मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम तत्काल हरियाणा रवाना हुई और स्थानीय पुलिस के समन्वय से घेराबंदी कर आरोपित को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे आवश्यक कार्रवाई के लिए थाना सेक्टर-20 लाया गया, जहां उसे संबंधित मुकदमों में दाखिल किया गया है। आरोपित से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और फर्जी फर्मों के नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है। बैंक खातों, जीएसटी रजिस्ट्रेशन, शेल कंपनियों और वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जा रही है। आशंका है कि इस नेटवर्क में कई राज्यों के लोग शामिल हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *