गुजरात के गांधीनगर और वलसाड के न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी
गांधीनगर{ गहरी खोज }: गुजरात के गांधीनगर और वलसाड की अदालतों मंगलवार को सुबह बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस का काफिला, बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गया। एहतियात के तौर पर न्यायालय का मुख्य प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया और लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। पुलिस ने न्यायालय परिसरों में सघन जांच अभियान चलाया।
वडोदरा न्यायालय के बाद अहमदाबाद स्थित पुरानी उच्च न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले थे। अब आज गांधीनगर और वलसाड की अदालतों को भी बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल मिले। पुलिस प्रशासन ने इसके बाद दोनों न्यायालय परिसरों में सर्च ऑपरेशन चलाया। डॉग स्क्वॉड, बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस की टीमों ने पूरे परिसर की जांच की। लेकिन इसमें कुछ नहीं मिला। सर्च ऑपरेशन के दौरान अदालत परिसरों को खाली भी कराया गया।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां अहमदाबाद में इससे पहले क्रिकेट स्टेडियम, न्यायालय, एयरपोर्ट और स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल मिल चुके हैं। सोमवार को अहमदाबाद की 19 और वडोदरा की 22 स्कूलों को धमकी मिलने के बाद व्यापक जांच की गई थी, लेकिन कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। जांच में सामने आया कि कई ईमेल विदेश के आईपी एड्रेस से भेजे गए थे, जिससे आरोपितों तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। फिलहाल सभी प्रभावित स्थानों पर पुलिस बंदोबस्त कड़ा कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच साइबर क्राइम सेल कर रही है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण लोगों में चिंता का माहौल देखा जा रहा है।
लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए वडोदरा पुलिस एक्शन मोड में है। साइबर क्राइम टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में इसे शरारत या शहर की शांति भंग करने का प्रयास माना जा रहा है, हालांकि पुलिस किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती।
