उत्कृष्ट व मॉडल स्कूल प्रवेश परीक्षा संपन्न, 5 परीक्षा केंद्रों में 958 विद्यार्थी हुए शामिल
अनूपपुर{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार को मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित उत्कृष्ट विद्यालय एवं मॉडल स्कूलों में कक्षा 9वीं में प्रवेश हेतु जिले के 5 परीक्षा केंद्रों में 958 विद्यार्थियों ने आयोजित चयन परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हो गई।
उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य एवं परीक्षा समन्वयक अजय जैन ने बताया कि मध्यप्रदेश राज्य ओपन स्कूल शिक्षा बोर्ड, भोपाल द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। परीक्षा में विद्यार्थियों से मानसिक क्षमता, क्षेत्रीय भाषा, सामान्य सामाजिक अध्ययन, सामान्य ज्ञान एवं बुनियादी अंग्रेजी विषयों से संबंधित प्रश्न पूछे गए। जिले के पांच परीक्षा केंद्रों में 1068 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 958 विद्यार्थी परीक्षा दी। जबकि 110 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा समन्वयक ने बताया कि राजेंद्रग्राम में शासन द्वारा संचालित सांदीपनि आवासीय विद्यालय के कारण वहां पंजीयन अपेक्षाकृत कम रहा।उन्होंने बताया कि प्रत्येक आवासीय विद्यालय में 100 सीटें उपलब्ध हैं, ऐसे में जिन केंद्रों पर 100 से कम विद्यार्थी सम्मिलित हुए हैं, वहां लगभग सभी छात्रों के प्रवेश की संभावना है।
केंद्रवार स्थिति शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर में 400 में से 344 उपस्थित,उत्कृष्ट विद्यालय केंद्र में 476 में से 431 उपस्थित,कोतमा में 97 में से 93 उपस्थित,जैतहरी में 78 में से 76 उपस्थित एवं राजेंद्रग्राम में 17 में से 14 विद्यार्थी उपस्थित रहें।
प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी ओंकार सिंह धुर्वे ने बताया कि जिले के अनूपपुर, कोतमा, जैतहरी एवं पुष्पराजगढ़ सहित पांच विद्यालयों में परीक्षा आयोजित की गई, जिनमें दो विद्यालय आदिम जाति कल्याण विभाग तथा तीन विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा संचालित हैं।
