सापटग्राम में पांच मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार
धुबड़ी{ गहरी खोज }: सापटग्राम में पुलिस की बड़ी कार्रवाई के दौरान पांच मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार किये गये हैं। धुबड़ी जिला के सापटग्राम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पांच मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस ने 16 साबुनदानी में छिपाकर रखी गई कुल 186 ग्राम हेरोइन भी बरामद की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती रात सापटग्राम थाना के उप निरीक्षक दीपक गोगोई नियमित चेकिंग अभियान पर थे। इसी दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गैस गोदाम के समीप एक ई-रिक्शा (एएस-17ईआर-2669) को रोका। तलाशी लेने पर ई-रिक्शा में सवार पांच लोगों के पास से 16 साबुनदाानी में छिपाई गई 186 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सफिकुल इस्लाम, शमसुल हक, हाकिमुल, सानवर अली तथा एक महिला हलीमा खातून के रूप में हुई है। महिला आरोपित हलीमा खातून बिलासीपारा, बांधवपारा की निवासी बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार सभी आरोपितों के खिलाफ सापटग्राम थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। मादक पदार्थ तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने संकेत दिया है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।
