फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अभद्र सामग्री पोस्ट करने वाला आरोपित गिरफ्तार

0
images

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली की बाहरी उत्तरी जिले की साइबर थाना पुलिस ने महिला के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अभद्र सामग्री पोस्ट करने और साइबर बुलिंग करने वाले आरोपित को मुंबई से गिरफ्तार किया है। बाहर ीउत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त हरेश्वर स्वामी ने मंगलवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान चेत कमल प्रकाश (40) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जम्मू का रहने वाला है और वर्तमान में मुंबई के सहार गांव, अंधेरी ईस्ट में रहता था। आरोपित ने कई फेक इंस्टाग्राम आईडी और जी-मेल अकाउंट बनाकर पीड़िता की तस्वीरों के साथ आपत्तिजनक व फर्जी सामग्री अपलोड की। इतना ही नहीं, आरोपित प्रकाश पीड़िता को फोन कर शादी तोड़ने, परिवार को परेशान करने और बदनाम करने की धमकी भी देता था। शिकायत प्राप्त होने पर साइबर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस उपायुक्त के अनुसार इंस्पेक्टर गोविंद सिंह की अगुवाई में टीम ने दो इंस्टाग्राम और दो जी-मेल अकाउंट को चिह्नित किया। सभी अकाउंट उसी मोबाइल नंबर से जुड़े मिले, जिसका उल्लेख शिकायत में किया गया था। डिजिटल लोकेशन लगातार मुंबई पाई गई। पुलिस टीम ने मुंबई के सहार इलाके में छापेमारी की और आरोपित चेत कमल प्रकाश को पकड़ लिया। मौके से एक मोबाइल फोन और लैपटॉप भी जब्त किया। दोनों उपकरणों को खुले हाल में जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या आरोपित ने और भी फर्जी अकाउंट या डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया था। साइबर पुलिस ने कहा कि आगे की तकनीकी जांच और डिजिटल एविडेंस की बारीकी से पड़ताल जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *