शिक्षा जीवन भर सद्गुणों का फल देने वाला वृक्ष, संस्कारयुक्त शिक्षा ही विकास का मार्ग प्रशस्त करती हैः शुक्ल

- उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने रीवा में प्रतिभावान विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूटी का वितरण किया
रीवा{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को उत्कृष्ट मार्तण्ड उमावि क्रमांक एक में आयोजित समारोह में जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को नि:शुल्क स्कूटी का वितरण किया। समारोह में रीवा जिले के 177 विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। शिक्षा जीवन भर सद्गुणों का फल देने वाला वृक्ष है। विद्यार्थी जीवन के लिए सर्वोत्तम लक्ष्य निर्धारित कर शिक्षा के माध्यम से उसे प्राप्त करने का प्रयास करें। प्रयासों की असफलता दुगने उत्साह से प्रयास करने की प्रेरणा देती है। आज प्रदेश और देश में चहुंमुखी विकास हो रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विश्वगुरू बनने की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। विकास का पूरा लाभ युवा पीढ़ी को ही मिलेगा।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि विद्यार्थी अनुशासन और शिक्षा पर ध्यान केन्द्रित करें। किसी भी स्थिति में नशे की राह में कदम आगे न बढ़ाएं। नशा ऐसा जहर है जो तन, मन और धन तीनों का विनाश कर देता है। युवा पीढ़ी यदि नशे की राह में चली गई तो हर तरह का विकास बेमानी हो जाएगा। विद्यार्थी अपनी ऊर्जा को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों में उपयोग करें। अपने माता-पिता और गुरूजनों का मन से सम्मान करें। जीवन के लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अपने अंदर जुनून पैदा करें। अच्छा कर्म और ज्ञान सफलता का मार्ग प्रशस्त करता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा का तेजी से विकास हो रहा है। चारों ओर फोरलेन सड़कें और रेलवे की सुविधा है। रीवा एयरपोर्ट से दो अक्टूबर से दिल्ली के लिए 72 सीटर हवाई जहाज की सुविधा शुरू हो रही है। इसके बाद रीवा से इंदौर के लिए भी 72 सीटर हवाई जहाज की सुविधा मिलेगी। इससे पूरे विन्ध्य क्षेत्र में पर्यटन का विकास होगा।
समारोह में पूर्व महापौर वीरेन्द्र गुप्ता ने कहा कि शिक्षा विकास का मार्ग प्रशस्त करती है। सरकार विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मेधावी विद्यार्थियों को लैपटाप और स्कूटी प्रदान किए जा रहे हैं। छात्रावास और फीस में छूट जैसे लाभ भी दिए जा रहे हैं। सभी विद्यार्थी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर प्रदेश और देश के विकास में योगदान दें। समारोह में जिला शिक्षा अधिकारी रामराज मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मेधावी विद्यार्थी योजना की जानकारी दी। समारोह में सहायक संचालक शिक्षा राजेश मिश्रा, विद्यालय के प्राचार्य जेपी जायसवाल तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।