दो बार झारखंड की सत्ता से बाहर रहने की बेचैनी दिख रही भाजपा पर : आप

0
f39cacf6d60fc75f2f30a84a4a746159

रांची{ गहरी खोज }: आम आदमी पार्टी की प्रदेश इकाई ने कहा है कि लगातार दो बार झारखंड की सत्ता से बाहर रहने की बेचैनी भाजपा पर साफ दिखने लगी है। सांसद निशिकांत दुबे झारखंड में भी वोटरों का विशेष गहन पुनरीक्षण कराने की मांग कर रहे हैं। पार्टी के नेता भास्कर सुमन ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि भाजपा जानती है उसके लिए प्रत्यक्ष चुनाव जीत पाना लगभग नामुमकिन है। इसलिए अपने अधीन संस्थाओं के माध्यम से चुनावी परिणाम को भाजपा हड़पना चाहती है। अगर भाजपा झारखंड में बांग्लादेशी वोटरों का आरोप लगा रही है तो भाजपा को बताना चाहिए कि पिछले 11 वर्षों से केंद्र में उनकी सरकार है फिर बांग्लादेशी भारत में प्रवेश कैसे कर रहे हैं।
यदि बांग्लादेशी पहले की सरकार में आए हुए हैं तो क्या 2014 से 2019 तक भाजपा की जो सरकार थी वह बांग्लादेशी वोटरों के कारण बनी थी। भाजपा ने वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कर दिल्ली चुनाव का परिणाम हड़प लिया और इसी तकनीक के सहारे अब देश भर में जाना चाहती है।
उन्‍होंने कहा कि भाजपा के वोट चोरी को सबसे पहले आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविन्द केजरीवाल ने सार्वजनिक किया था लेकिन चुनाव आयोग ने उस पार कोई ध्यान नहीं दिया। सुमन ने कहा कि निशिकांत दुबे का झारखंड में वोटर लिस्ट का विशेष गहन पुनरीक्षण की मांग करना भाजपा की निराशा और हताशा को दिखाता है कि जनमुद्दों पर आधारित प्रत्यक्ष चुनाव में भाजपा अपनी हार मान चुकी है और अपने अधीन संस्थाओं के माध्यम से चुनाव परिणाम को हड़पना चाहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *