महिला टी20 विश्व कप: इन पांच युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी निगाहें, नंदिनी शर्मा का नाम भी शामिल

0
full56247

नई दिल्ली{ गहरी खोज }:महिला टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत 12 जून से होने जा रही है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाना है। आइए आपको उन पांच युवा खिलाड़ियों के नाम बताते हैं, जो इस विश्व कप में दमदार प्रदर्शन कर सकती हैं।

जॉर्जिया वोल: ऑस्ट्रेलिया की 22 वर्षीय जॉर्जिया वोल ने पिछले कुछ समय में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। वोल ने अब तक 12 टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट मुकाबले खेले हैं और इस दौरान उन्होंने 156 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 474 रन बनाए हैं। वह क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में एक शतक और 3 अर्धशतक भी लगा चुकी हैं। अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर वह इस विश्व कप में कंगारू टीम के लिए ट्रंप कार्ड साबित हो सकती हैं।

नंदिनी शर्मा: भारत की तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा के प्रदर्शन पर भी महिला टी20 विश्व कप में हर किसी की निगाहें रहेंगी। नंदिनी ने महिला प्रीमियर लीग में अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया था। उन्होंने 10 मुकाबलों में कुल 17 विकेट निकाले थे। इसके बाद भारत की ओर से टी20 इंटरनेशनल में उनका डेब्यू भी शानदार रहा। उन्होंने पहले ही मैच में 34 रन देकर 3 विकेट चटकाए थे। नंदिनी की सबसे बड़ी ताकत सटीक गेंदबाजी के साथ-साथ विविधता है।

कायला रेनेके: साउथ अफ्रीका की युवा ऑलराउंडर कायला रेनेके इस विश्व कप में दमदार प्रदर्शन कर सकती हैं। 20 वर्षीय खिलाड़ी रेनेके ने अब तक प्रोटियाज टीम की ओर से तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनमें से वह दो प्लेयर ऑफ द मैच रही हैं। 9 टी20 मुकाबलों में 157 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने के साथ-साथ रेनेके 5 विकेट भी चटका चुकी हैं।

टिली कोर्टीन-कोलमैन: बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज टिली कोर्टीन कोलमैन ने महज 18 साल की उम्र में विश्व क्रिकेट में अपनी घूमती हुई गेंदों से पहचान बनाई है। कोलमैन की सबसे बड़ी ताकत यह है कि वह विकेट निकालने का हुनर जानती हैं। साझेदारी तोड़ने के साथ-साथ कोलमैन रनों की गति पर भी लगाम लगा सकती हैं।

फेबे मोल्केनबोएर: नीदरलैंड की फेबे मोल्केनबोएर बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकती हैं। महज 21 साल की उम्र में फेबे नीदरलैंड की ओर से खेले 54 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 720 रन बना चुकी हैं। वहीं, गेंदबाजी में उन्होंने 12 विकेट निकाले हैं। सबसे खास बात उनका इकोनॉमी रहा है, जो सिर्फ 4.52 का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *