महाराष्ट्र के जलगांव में वाहनों की टक्कर में गुजरात के पांच लोगों समेत छह की मौत

0

कार, बाइक और एसटी बस की हुई आमने-सामने टक्कर

अमलनेर{ गहरी खोज }: महाराष्ट्र के जलगांव जिले में मंगलवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे में गुजरात के एक परिवार के पांच सदस्यों समेत एक स्थानीय बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। कार, मोटरसाइकिल और राज्य परिवहन (एसटी) बस के बीच हुई जोरदार टक्कर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
बताया गया कि गुजरात राज्य के व्यारा निवासी एक परिवार के सदस्य जलगांव जिले की अमलनेर तहसील के मंगरूल गांव के पास आयोजित सगाई समारोह में शामिल होने के लिए कार से जा रहे थे। मंगरूल गांव के पास तेज रफ्तार कार, बाइक और एसटी बस के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कार में सवार लोग वाहन के अंदर ही फंस गए। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। कुछ घायलों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जबकि कार के अंदर फंसे एक छोटे बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बहुत मशक्कत करनी पडी जबकि इस हादसे में गुजरात निवासी पांच लोगों सहित छह लोगों की जान चली गयी।
घटना की सूचना मिलते ही अमलनेर पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक दत्तात्रय निकम, हेड कॉन्स्टेबल कैलाश शिंदे तथा मंगरूल के पुलिस भागवत पाटील तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने यातायात नियंत्रण के साथ-साथ राहत कार्य को भी गति दी। 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। हादसे में एसटी बस के यात्री दीपक दिलीप पाटील घायल हुए हैं और उनका उपचार जारी है। चिकित्सकीय सूत्रों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद कुछ समय तक राजमार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस और स्थानीय नागरिकों ने संयुक्त रूप से प्रयास कर यातायात को सामान्य किया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अमलनेर ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है। मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है। मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है और गुजरात से उनके रिश्तेदार अमलनेर के लिए रवाना हो चुके हैं। सगाई जैसे खुशियों भरे समारोह में शामिल होने जा रहे परिवार पर आए इस हादसे से व्यारा और अमलनेर दोनों क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है। फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। वाहन की गति, सड़क की स्थिति और दुर्घटना के समय की परिस्थितियों की विस्तार से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *