आईसीएआर महानिदेशक एमएल जाट ‘मारवाड़ रत्न’ से सम्मानित
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) के महानिदेशक एवं कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग (डेयर ) के सचिव डॉ एमएल जाट को मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट, मारवाड़-जोधपुर की ओर से सर्वोच्च ‘राव सीहा सम्मान- मारवाड़ रत्न’ से सम्मानित किया गया।
जोधपुर के महाराजा गज सिंह ने डॉ. जाट को अंगवस्त्र, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र, एक लाख की सम्मानित राशि एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान कृषि अनुसंधान, जलवायु अनुकूल खेती, मरुस्थलीय कृषि नवाचार और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। डॉ. जाट का पश्चिमी राजस्थान से गहरा जुड़ाव रहा है। उनके नेतृत्व में आईसीएआर ने सूखा प्रतिरोधी फसलों, संरक्षण कृषि तथा किसानों की आय बढ़ाने से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रारंभ की हैं। इस अवसर पर गजसिंह ने कहा कि डॉ. जाट ने कृषि विज्ञान को खेत और किसान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा उनका कार्य देश की कृषि नीति और किसान हितों के लिए प्रेरणादायी है। ‘राव सीहा सम्मान’ मारवाड़ के संस्थापक राव सीहा जी के नाम पर दिया जाने वाला प्रतिष्ठित सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। मेहरानगढ़ म्यूजियम ट्रस्ट प्रतिवर्ष मारवाड़ की अस्मिता, संस्कृति और जनकल्याण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को यह सम्मान प्रदान करता है।
