रवनीत सिंह ने अमृतसर से नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना किया

0
6d346108f2bc75d20a7e3a62d4e570da
  • अमृतसर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास को 402 करोड़ रुपये की मंजूरी, पांच नए प्लेटफॉर्म के लिए 100 रुपये करोड़ स्वीकृत

अमृतसर{ गहरी खोज }: अमृतसर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री रवनीत सिंह ने घोषणा की कि अमृतसर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 402 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा स्टेशन पर पांच नए प्लेटफॉर्म विकसित करने के लिए अलग से 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
रवनीत सिंह ने अमृतसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि अमृतसर रेलवे स्टेशन सिर्फ एक परिवहन केंद्र नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और देशभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे इस स्टेशन को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस करेगा, जो शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत बड़े स्तर पर यार्ड रीमॉडलिंग और विस्तार कार्य किए जाएंगे। स्टेशन पर पांच अतिरिक्त प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे, जिनमें दो उत्तरी दिशा और तीन दक्षिणी दिशा में होंगे। इसके साथ पांच नई यात्री लूप लाइनें भी बनाई जाएंगी, ताकि ट्रेनों की आवाजाही आसान हो और भीड़भाड़ कम हो सके।
रवनीत सिंह ने कहा कि अमृतसर में एक नया वंदे भारत मेंटेनेंस शेड भी बनाया जाएगा, जिससे रेलवे संचालन को और मजबूती मिलेगी। स्टेशन के उत्तरी हिस्से में सात कॉमर्शियल फ्लोर के साथ आधुनिक G+10 स्टेशन भवन बनाया जाएगा, जबकि दक्षिणी हिस्से में G+3 स्टेशन भवन तैयार किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन के उत्तर और दक्षिण हिस्से को जोड़ने हेतु दो नए सबवे बनाए जाएंगे। इसके अलावा लिफ्ट, एस्केलेटर, आधुनिक पार्किंग, ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम और कवर ड्रॉप-ऑफ जोन जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
इसी दौरान रवनीत सिंह ने अमृतसर रेलवे स्टेशन से 14664/14663 अमृत भारत एक्सप्रेस को अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन साप्ताहिक रूप से दोनों शहरों के बीच चलेगी और पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार तथा पश्चिम बंगाल के कई महत्वपूर्ण शहरों को जोड़ेगी। उन्होंने बताया कि यह ट्रेन खासतौर पर आम यात्रियों के लिए तैयार की गई है, जिसमें आधुनिक एलएचबी कोच, सीसीटीवी निगरानी, फायर सेफ्टी सिस्टम, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट और बेहतर शौचालय जैसी सुविधाएं होंगी।
रवनीत सिंह ने कहा कि वर्ष 2026-27 में पंजाब के लिए रेलवे बजट बढ़ाकर 5,673 करोड़ रुपये कर दिया गया है। वर्तमान में राज्य में 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब के 30 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *