तमिलनाडु में सीएम विजय का बड़ा फैसला, धार्मिक स्थलों और स्कूलों के पास स्थित 717 शराब की दुकानें होंगी बंद

0
Tamil-Nadu-CM-

चेन्नई{ गहरी खोज }: तमिलनाडु में जनहित को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री एस. जोसेफ विजय ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने अगले दो हफ्तों के भीतर 717 तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन (टीएएसएमएसी) शराब दुकानों को बंद करने का आदेश जारी किया है। ये सभी दुकानें धार्मिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंडों के 500 मीटर के दायरे में संचालित हो रही थीं। तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन (टीएएसएमएसी) के तहत फिलहाल राज्य में कुल 4,765 शराब की खुदरा दुकानें संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वे ऐसे शराब दुकानों की पहचान करें, जो मंदिर, मस्जिद, चर्च, स्कूल, कॉलेज और बस स्टैंड्स के बेहद करीब स्थित हैं।
सरकार द्वारा कराए गए सर्वे में सामने आया कि कुल 717 टीएएसएमएसी दुकानें निर्धारित 500 मीटर की सीमा के भीतर चल रही हैं। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जनहित और सामाजिक प्रभावों को ध्यान में रखते हुए इन दुकानों को बंद करने का निर्णय लिया।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, बंद होने वाली दुकानों में 276 शराब दुकानें धार्मिक स्थलों के पास स्थित हैं। वहीं 186 दुकानें शैक्षणिक संस्थानों के करीब और 255 दुकानें बस स्टैंड्स के आसपास संचालित हो रही थीं। मुख्यमंत्री के इस फैसले को राज्य में सामाजिक सुधार और सार्वजनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। खासतौर पर स्कूल-कॉलेजों और धार्मिक स्थलों के आसपास शराब दुकानों को लेकर लंबे समय से लोगों की शिकायतें और विरोध सामने आते रहे हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि अगले दो सप्ताह के भीतर सभी चिन्हित दुकानों को चरणबद्ध तरीके से बंद कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के इस फैसले को जनहित और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा अहम निर्णय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *