काठमांडू में टला बड़ा विमान हादसा, लैंडिंग के वक्त धू-धू कर जला विमान का टायर, बाल-बाल बची 278 यात्रियों की जान

0
full53720

नेपाल { गहरी खोज }: नेपाल के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (TIA) पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। इस्तांबुल से आ रहे तुर्की एयरलाइंस के विमान के टायर में लैंडिंग के दौरान अचानक आग लग गई। गनीमत यह रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और विमान में सवार सभी 289 लोग सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, तुर्की एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या TK 726 ने इस्तांबुल से उड़ान भरी थी। सोमवार सुबह करीब 6:45 बजे जब यह विमान काठमांडू के रनवे पर उतरा, तो उसके टायर से लपटें निकलने लगीं। विमान में 278 यात्री और 11 क्रू मेंबर (कुल 289 लोग) सवार थे। पुलिस और हवाई अड्डा प्रशासन ने पुष्टि की है कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बताया जा रहा है कि इस फ्लाइट में संयुक्त राष्ट्र (UN) के कुछ अधिकारी भी यात्रा कर रहे थे।
एयरपोर्ट सुरक्षा के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, जैसे ही टायर में आग की सूचना मिली, फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला। दमकलकर्मियों की मुस्तैदी से आग को विमान के अन्य हिस्सों में फैलने से पहले ही बुझा दिया गया। इस घटना के कारण रनवे पर विमान के खड़े रहने से हवाई अड्डे का परिचालन कुछ समय के लिए बाधित हुआ। हालांकि, तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों को सुनिश्चित करने के बाद अब स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *