पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के लिए वोटिंग लोग भयमुक्त होकर दे रहे हैं वोट : पीएम मोदी
नई दिल्ली{ गहरी खोज }: पश्चिम बंगाल में बुधवार को दूसरे और आखिरी चरण के तहत 7 जिलों की 142 सीटों के लिए वोटिंग हो रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, दोपहर 1 बजे तक बंगाल में लगभग 61.11 प्रतिशत वोटिंग हुई है। दूसरे चरण में भी बंगाल की जनता पूरे उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रही है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल में दूसरे चरण के लिए हो रही वोटिंग पर कहा कि बंगाल में इस बार लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं।
पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश के हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस दौरान बंगाल चुनाव में वोटिंग पर कहा कि आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उससे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले चरण की तरह ही जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है, लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं। पिछले 6-7 दशक में जो नहीं हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, ऐसे निर्भीक वातावरण में बंगाल में इस बार वोटिंग हो रहा है। लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं। यह देश के संविधान और देश के मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है। मैं बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि वो अपने अधिकार के प्रति इतनी सजग है और बड़ी संख्या में वोटिंग कर रही है। अभी वोटिंग खत्म होने में कई घंटे बाकी है। मैं बंगाल की जनता से आग्रह करूंगा कि लोकतंत्र के इस पर्व में ऐसे ही उत्साह से भाग ले।
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा कभी भी परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकती। ये लोग हमेशा विकास विरोधी राजनीति करेंगे। यूपी को सपा और उसके सहयोगियों से सावधान रहना है।
उन्होंने कहा कि सपा विकास विरोधी भी है और नारी विरोधी भी है। बीते दिनों एक बार फिर देश ने कांग्रेस और सपा का नारी विरोधी चेहरा देखा है। केंद्र की एनडीए सरकार नारी शक्ति वंदन संशोधन लेकर आई थी, अगर यह संशोधन पास हो जाता तो 2029 के चुनाव से ही महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण मिलता। बड़ी संख्या में महिलाएं चुनकर लखनऊ और दिल्ली पहुंचतीं, वो भी किसी अन्य वर्ग की सीटें कम हुए बिना। लेकिन, सपा ने इस संशोधन के खिलाफ वोट किया।
