भीषण गर्मी का कहर, भोपाल में 8वीं तक स्कूल बंद, 22 जिलों में लू का अलर्ट
इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन समेत कई शहरों में छुट्टी, 44.6°C तक पहुंचा पारा, 3 दिन में बारिश के संकेत
भोपाल{ गहरी खोज }: भोपाल समेत पूरे मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी और लू ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसंला लेते हुए भोपाल में नर्सरी से 8वीं तक के सभी स्कूल 30 अप्रैल तक बंद कर दिए हैं। हालांकि कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी। प्रशासन के आदेश के अनुसार, भोपाल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगी।
इसी तरह इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन में भी छोटे बच्चों की कक्षाओं में अवकाश घोषित किया गया है। इंदौर जिले में भी आंगनवाड़ी केंद्रों और 8वीं तक के स्कूलों में 27 से 30 अप्रैल तक अवकाश रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के 22 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। लोगों को दोपहर 12 से शाम चार बजे तक घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सावधानी बरतने को कहा गया है । उल्लेखनीय है, शनिवार को प्रदेश के कई शहरों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। खजुराहो सबसे गर्म रहा, जहां पारा 44.6°C दर्ज किया गया। इसके अलावा रतलाम, दतिया, धार और नौगांव-श्योपुर में भी तापमान 44°C के आसपास रहा। बड़े शहरों में ग्वालियर और उज्जैन में 43°C, भोपाल में 42.4°C, इंदौर में 42.2°C और जबलपुर में 42.6°C तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार ग्वालियर, भिंड, दतिया, छतरपुर, पन्ना, सतना, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर सहित 22 जिलों में लू का असर तेज रहेगा। वहीं, 27 अप्रैल से अगले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना भी जताई गई है, जिससे तापमान में आंशिक राहत मिल सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज धूप से बचें, पर्याप्त पानी पिएं, हल्के कपड़े पहनें और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें। बच्चों को विशेष रूप से धूप से दूर रखने की सलाह दी गई है।
