शिमला में 36 ग्राम से ज्यादा हेरोइन के साथ तस्कर बरामद

0
57d96cf8db65869d6678fa4b7e5d755d

शिमला{ गहरी खोज }: जिला शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत संजौली थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 36.050 ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह कार्रवाई स्पेशल सेल की गश्त और गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार 25 अप्रैल को स्पेशल सेल शिमला की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी और नशा तस्करी पर रोक लगाने के लिए निगरानी कर रही थी। इसी दौरान उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ढली टनल की ओर बैग में नशे का सामान लेकर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संजौली थाना क्षेत्र के समिट्री ढली टनल रोड पर एक रेस्टोरेंट के पास नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोका और उससे पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपनी पहचान रुब्बल जदैईक पुत्र बलबीर जदैईक, निवासी गाँव पंदरोग, डाकघर पुड़ग, तहसील कोटखाई, जिला शिमला, उम्र 32 वर्ष के रूप में बताई। इसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में उसके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें एक पारदर्शी पॉलिथीन में छुपाकर रखी गई हेरोइन बरामद हुई। बरामद नशे का वजन 36.050 ग्राम पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में पुलिस थाना संजौली में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत केस दर्ज किया गया है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने रविवार को बताया कि आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले की जांच जारी है। एसएसपी के अनुसार नशे के खिलाफ अभियान लगातार सख्ती से चलाया जा रहा है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *