टीकमगढ़ के बड़ागांव रोड पर सड़क हादसा, बस पलटने से 11 यात्री घायल, इंदौर से आ रही थी बस

0
3743fa690719e0afe4468f3750d0f1f4

टीकमगढ़{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में मंगलवार सुबह एक यात्री बस के पलट जाने से 11 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बड़ागांव रोड पर जिला मुख्यालय से करीब 5 किलोमीटर दूर हनुमान मंदिर के पास क्रॉसिंग के दौरान हुई। बस इंदौर से टीकमगढ़ आ रही थी। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रवि भूषण पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ यात्रियों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई को मामूली चोटें लगी हैं। हादसे की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया। टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोतिय घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन ने घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।
टीकमगढ़ तहसीलदार सत्येंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि महाकाल कंपनी की यह बस अचानक अनियंत्रित होकर गौगाबेर हनुमान मंदिर के पास पलट गई। हादसे में कुल 11 लोग घायल हुए हैं, जबकि अन्य यात्री सुरक्षित हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, टीकमगढ़ एसडीओ राहुल कटरे ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे हादसे की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को मौके पर भेजा गया। उनका कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का पता ड्राइवर से पूछताछ के बाद ही चल सकेगा। प्रशासन फिलहाल पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *