पहला वनडे: हेनरी और डिन का अर्धशतक, न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 248 रन का लक्ष्य दिया

0
Henry-Nicholls_V_jpg--1280x720-4g

ढाका{ गहरी खोज }: बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश को 248 रन का लक्ष्य दिया है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। टीम को पहला झटका 21 के स्कोर पर लगा। निकी केली 7 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे विकेटके लिए हेनरी निकोलस और विल यंग ने 73 रनों की साझेदारी की। यंग 94 के स्कोर पर 42 गेंदों पर 30 रन की पारी खेलकर आउट हुए। कप्तान टॉम लैथम का बल्ला भी नहीं चला। वह 14 रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में 127 के स्कोर पर आउट हो गए। इसके ठीक बाद 131 के स्कोर पर हेनरी निकोलस का विकेट भी गिर गया। निकोलस ने रिशाद हुसैन की गेंद पर विकेटकीपर लिटन दास को कैच देने से पहले 83 गेंदों पर 68 रन की पारी खेली।
निकोलस का विकेट गिरने के बाद डिन फॉक्सक्रॉफ्ट एकमात्र ऐसे बल्लेबाज रहे जिन्होंने बांग्लादेशी गेंदबाजों का डटकर मुकाबला किया। डिन ने 58 गेंदों पर 59 रन की पारी खेली। नाथन स्मिथ 21 रन बनाकर नाबाद रहे। मुहम्मद अब्बास ने 14 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने 8 विकेट पर 247 रन बनाए।
बांग्लादेश की तरफ से तेज गेंदबाज तस्किन अहमद ने 10 ओवर में 50 रन देकर 2 और शोरिफुल इस्लाम ने 10 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट लिए। रिशाद हुसैन ने 10 ओवर में 44 रन देकर 2 विकेट लिए। मेहदी हसन मिराज और नाहिद राणा को 1-1 विकेट मिले।
देखना होगा कि न्यूजीलैंड की युवा खिलाड़ियों से सजी टीम के दिए 248 रन के लक्ष्य को बांग्लादेश की टीम हासिल कर पाती है या नहीं। बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग और पाकिस्तान सुपर लीग में न्यूजीलैंड के कई शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस वजह से न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने युवा खिलाड़ियों की टीम वनडे सीरीज के लिए भेजी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *