पटना साहिब पहुंचे सीएम सम्राट चौधरी ने मत्था टेका, राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की

0
36d46a710ef8c0efc5af4fbc56b02d0c

पटना{ गहरी खोज }: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को दशमेश पिता श्री गुरुगोविंद सिंह जी महाराज की जन्मस्थली तख्त श्रीहरमंदिर जी परिसर, पटना साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने तख्त श्रीहरमंदिर जी, पटना साहिब में मत्था टेका और राज्य के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस दौरान श्री हरमंदिर जी प्रबंधक कमेटी के सदस्यों द्वारा सीएम सम्राट चौधरी को तलवार, अंगवस्त्र, सरोपा एवं प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद सीएम सम्राट चौधरी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि गुरु की प्रेरणा से देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर अग्रसर है। नीतीश कुमार ने बिहार का लंबे समय तक नेतृत्व करते हुए राज्य को आगे बढ़ाया है। हम लोगों ने बेहतर तरीके से 350वां प्रकाश पर्व मनाया है। यहां की संरचना को काफी बेहतर किया गया है।
उन्होंने कहा कि श्री गुरुगोविंद सिंह जी महाराज की पूरे प्रदेश पर कृपा बनी रहे। राज्य समृद्ध हो, देश विकसित हो, यही हमारी कामना है। इस अवसर पर विधायक डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल, वरीय अधिकारी और प्रबंधक कमिटी के सदस्यगण, सेवादार एवं श्रद्धालुगण उपस्थित थे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने 4, देशरत्न मार्ग स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उप मुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और उनके साथ विचार-विमर्श किया।
उन्होंने अपने कार्यालय कक्ष में अधिकारियों के साथ मुलाकात के दौरान वहां की कार्य पद्धति के संबंध में विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। सीएम सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री सचिवालय के विभिन्न भागों का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्यपदाधिकारी गोपाल सिंह, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *