तेज गेंदबाजी आक्रमण ने आरसीबी को खतरनाक टीम बना दिया

0
asqqqqq

बेंगलुरु{ गहरी खोज }: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के वर्तमान सत्र में अपने घरेलू मैदान पर लगातार तीन मैच जीतकर इतिहास रच दिया है और इसमें उसके तेज गेंदबाजों की भूमिका अहम रही। चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी के गेंदबाजों ने सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स (सीएके) और लखनऊ सुपर जायंट्स जैसी टीमों पर हावी रहकर अपनी टीम को जीत दिलाई। आरसीबी ने आईपीएल 2025 में अपने घरेलू मैदान पर तीन मैच हारे थे जो उसके पहले खिताब के शानदार सफर में उसके लिए एकमात्र निराशाजनक पहलू रहा। इस सत्र की शुरुआत से पहले आरसीबी का चिन्नास्वामी स्टेडियम में 96 मैचों में 46 हार और 45 जीत का रिकॉर्ड था, जबकि मुंबई इंडियंस या सीएसके के घरेलू मैदान आमतौर पर उनके गढ़ होते हैं। बदलाव का पहला संकेत 28 मार्च को मिला जब जैकब डफी ने तीन विकेट लेकर सनराइजर्स के शीर्ष क्रम को ध्वस्त कर दिया।
जोश हेज़लवुड की शुरुआती मैचों में अनुपस्थिति में उन्होंने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई। हैदराबाद के खिलाफ मैच के बाद डफी ने कहा था, ‘‘मैं तो बस उस दिग्गज खिलाड़ी की जगह संभाल रहा हूं। जोश ने पिछले साल यहां बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था, इसलिए बात बस इतनी थी कि उसने जो अच्छा किया था, उसे मैं आगे बढ़ाते हुए अपने तरीके से वैसा ही प्रदर्शन करने की कोशिश करूं।’’
हेजलवुड ने वापसी करने के बाद अपना जलवा दिखाया और लखनऊ की टीम के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया। इसके लिए उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। वह जानते हैं कि उन्हें किस तरह की गेंदबाजी करनी है।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास बुमराह या अन्य गेंदबाजों की तरह धीमी गेंद करने का कौशल नहीं है। मैं अभ्यास के दौरान लगातार कुछ अलग-अलग चीजों पर काम करता रहता हूं और उम्मीद है कि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल कर पाऊंगा।’’
आरसीबी के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने मैच के बाद संवाददाताओं से हेजलवुड के बारे में कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह पहले से ज्यादा चुस्त-दुरुस्त दिख रहे हैं। चोट के बाद उन्हें काफी आराम मिला है। इसलिए वह पहले से ज्यादा तेज और फिट हो गए हैं और अब उन्हें अपने शरीर पर पूरा भरोसा है। यह उनकी गेंदबाजी में दिख रहा है।’’
आरसीबी के पास भुवनेश्वर कुमार के रूप में एक नया अन्य उपयोगी तेज गेंदबाज है जिन्होंने हेज़लवुड का साथ देते हुए तीन विकेट लिए। वह अपनी धीमी बाउंसर, यॉर्कर और कम गति वाली गेंद करके बल्लेबाजों को परेशान कर रहे हैं। यही नहीं आरसीबी को रसिक सलाम के रूप में एक उपयोगी तेज गेंदबाज मिला है जिन्होंने पिछले मैच में चार विकेट लिए। अपने इस तेज गेंदबाजी आक्रमण के कारण आरसीबी किसी भी मैदान पर जीत हासिल करने में सक्षम है और इसलिए वह टूर्नामेंट की खतरनाक टीम बन गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *