5 साल की मासूम से दुष्कर्म, साइकिल पर घुमाने के बहाने ले गया था आरोपी

0
f465c4911914551232421740eed90aa3

सागर{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ गाँव के ही एक युवक ने दरिंदगी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुँचा दिया है।
बुधवार को पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाराजपुर इलाके के एक गांव में 5 साल की मासूम अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी गांव का ही रहने वाला मनोज कोल (25) वहां पहुंचा। उसने बच्ची को अपनी साइकिल पर घुमाने का लालच दिया। मासूम आरोपी की बातों में आ गई और उसकी साइकिल पर बैठ गई। आरोपी उसे बहला-फुसलाकर गांव के पास स्थित एक सुनसान नाले की ओर ले गया, जहां उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया।
जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी, तो उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बच्ची बदहवास हालत में मिली और उसकी तबीयत काफी खराब थी। डरी-सहमी बच्ची ने जब अपनी आपबीती सुनाई, परिजन तुरंत मासूम को लेकर थाने पहुंचे, जिसके बाद उसे बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC), सागर रेफर किया गया। वर्तमान में बच्ची का इलाज जारी है और डॉक्टरों की एक टीम उसकी निगरानी कर रही है। महाराजपुर थाना पुलिस ने शिकायत मिलते ही आरोपी मनोज कोल के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस की टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामला बेहद गंभीर था। शिकायत मिलते ही टीम गठित की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया । आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *