युवती की हत्या मामले में फरार प्रेमी साथी संग मुठभेड़ में गिरफ्तार
महोबा{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश में महोबा जनपद की सदर काेतवाली पुलिस ने बीती मंगलवार काे मिली युवती की लाश और उसकी हत्या के मामले में बुधवार काे खुलासा कर दिया है। युवती की हत्या उसके प्रेमी ने ही अपने साथियाें के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने मुख्य आराेपित और उसके साथी काे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पैर में गोली लगी हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) शशांक सिंह ने बुधवार काे पत्रकाराें काे बताया कि मंगलवार को जनपद मुख्यालय के सुभाष नगर इलाके में सुनसान जगह पर एक युवती का शव मिला था, जिसकी पहचान माेहल्ले के ही प्रियंका के रूप में हुई थी। इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें लगाईं गई थीं। पुलिस ने चेकिंग के दाैरान बाइक सवाराें काे रोका तो उन्होंने पुलिस पर हमला कर दिया, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की। इसमें मुख्य आरोपित खन्ना थाना क्षेत्र के मवई खुर्द गांव निवासी सुमित सिंह और उसके साथी डहर्रा निवासी धर्मेंद्र के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। घायलाें काे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से युवती का मोबाइल समेत तीन फोन, एक मोटर साइकिल और दो अवैध तमंचा मय कारतूस बरामद कर लिए।
एसपी ने बताया कि पूछताछ में मुख्य आराेपित सुमित सिंह ने अपना गुनाह स्वीकारते हुए बताया कि उसका युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस वजह से पत्नी उसे छोड़ कर चली गई थी। पत्नी के छोड़कर जाने से वह परेशान था। इधर प्रेमिका की शादी तय हो गई थी। इन्हीं सब बाताें से आहत हाेकर उसने साथी के साथ मिलकर प्रेमिका की हत्या कर दी थी। पुलिस ने सभी आराेपिताें काे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
