66 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी{ गहरी खोज }: नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। युवाओं में नशे का जहर घोलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक आरोपी को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ.मंजुनाथ टी.सी.के निर्देशन में जिलेभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी डॉ.जगदीश चन्द्रा और क्षेत्राधिकारी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में 14 अप्रैल को कोतवाली हल्द्वानी और एसओजी टीम ने भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 221 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई,जिसकी कीमत करीब 66 लाख 30 हजार रुपये आंकी गई है।
आरोपी की पहचान विजय सिंह नेगी (35) पुत्र स्व. राम सिंह, निवासी ग्राम बैड़ा,थाना द्वाराहाट,जिला अल्मोड़ा (वर्तमान पता-गंगा कॉलोनी, हल्द्वानी) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 14,520 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पहले भी मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं। एसएसपी डॉ.मंजुनाथ टी.सी.ने कहा कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
