पति ने की गर्भवती पत्नी की गला काट कर हत्या
झज्जर{ गहरी खोज }: हरियाणा के झज्जर जिले में बादली के पास रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना में पति ने अपनी पत्नी की गला काट कर हत्या कर दी। महक हांसी की रहने वाली थी और हिसार के सेक्टर-33 निवासी अंशुल के साथ उसकी शादी हुई थी। वह अपने पति अंशुल के साथ गाड़ी से गुरुग्राम जा रही थी। पुलिस के अनुसार, मृतका महक के भाई अक्षय की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस मामले में कार्रवाई के दाैरान घटनास्थल से पुलिस को दस्ताने (ग्लव्स) मिले हैं और प्राथमिक पूछताछ में अंशुल ने ये दस्ताने पहनकर हत्या करने की वारदात कबूल की है। गाड़ी का डैशबोर्ड भी टूटा हुआ मिला है। महक की हत्या गाड़ी से उतारकर की गई है। हत्या के बाद अंशुल ने झूठी कहानी बनाकर पुलिस को सूचना दी कि उसको व उसकी पत्नी को पहले बदमाशों ने लूटा और फिर महक की हत्या कर दी। अंशुल ने पुलिस पूछताछ में कहा कि लुटेरों ने गाड़ी का पीछा किया और वह डर से सड़क से कच्चे रास्ते पर गाड़ी उतार ले गए। वहीं पर लुटेरों ने गाड़ी खोलकर उनकी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद लुटेरे भाग गए। इसी पर पुलिस को अंशुल पर शक हुआ और गाड़ी की तलाशी ली तो गाड़ी के अंदर डैशबोर्ड नहीं मिला जबकि कुछ ही दूरी पर दस्ताने मिले। पुलिस ने सख्ती के साथ अंशुल से पूछताछ की तो अंशुल ने हत्या की वारदात करना कबूल लिया और बताया कि उसने ही दस्ताने पहनकर महक की हत्या की है। अंशुल गुरुग्राम में सीए का काम करता है, जबकि उसकी पत्नी महक गुरुग्राम में ही एचडीएफसी बैंक में डिप्टी मैनेजर के रूप में कार्यरत थी। दोनों हिसार से गुरुग्राम में जॉब करने जाते थे।
महक की बहन श्रुति ने बताया कि कुछ दिन पहले ही महक ने उन्हें गर्भवती होने की सूचना दी थी। पांच माह पहले ही उनकी शादी हुई थी और दोनों के बीच कभी मनमुटाव की बातें भी सामने नहीं आईं। रविवार को भी उनके बीच बातचीत हुई थी। महक की मां ने रोते हुए बताया कि वह गुरुग्राम जाने से पहले उनसे मिलकर गई थी। घर से निकलने से पहले मात्र 10 मिनट की बातचीत में महक हंसती खिलखिलाती रही। उसके चेहरे पर कोई परेशानी और दुख नहीं था लेकिन देर रात जब उनकी हत्या की जानकारी मिली तो जबरदस्त धक्का लगा।
