मुठभेड़ के बाद हिमांशु भाऊ गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार

0
e4b22cb27b2a37d57404d28e00e2dcdf

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: दिल्ली में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में क्राइम ब्रांच ने कुख्यात हिमांशु भाऊ गिरोह से जुड़े दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान विकास उर्फ मोगली और चंदर भान के रूप में हुई है। विकास पर हरियाणा में हत्या सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं और उस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने सोमवार को बताया कि 22 जनवरी को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरोह के सदस्य दिल्ली में किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं। इसके बाद निरीक्षक अनिल मलिक के नेतृत्व में विशेष दल का गठन किया गया। पुलिस ने हिरन कुदना से डिचाऊं कलां मार्ग पर यूईआर-2 पुलिया के नीचे एक सफेद कार को रोकने की कोशिश की गई। कार रुकते ही आरोपितों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए गोली चला दी। विकास ने दो गोलियां चलाईं। एक गोली इंस्पेक्टर संदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। एक गोली विकास के पैर में लगी। इसके बाद दोनों आरोपितों को पकड़ लिया। घायल आरोपित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आरोपितों के पास से दो देशी पिस्तौल, अठारह जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की। इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ में अवैध हथियार उपलब्ध कराने वाले लोगों का भी पता चला। एक फरवरी को विकास की निशानदेही पर अलीगढ़ (उप्र) से यामीन खान को गिरफ्तार किया गया। उसके ठिकाने से एक पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और एक खाली खोखा बरामद हुआ। तीन फरवरी को गौतमबुद्ध नगर से सतीश कुमार उर्फ डल्लू को पकड़ा गया। उसके खेत में छिपाई गई एक पिस्तौल और दो कारतूस मिले। चार फरवरी को दिल्ली के खेड़ा कलां निवासी ईश्वर सिंह उर्फ सोनू को गिरफ्तार कर उसकी कार से एक पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *