
गांधीनगर, 19 सितंबर। गुजरात के प्रसिद्ध शक्तिपीठ अंबाजी में 20 से 26 सितंबर 2026 तक भाद्रपदी पूनम महामेले का आयोजन होगा। लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए गुजरात सरकार और गुजरात पवित्र यात्राधाम विकास बोर्ड ने सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उप मुख्यमंत्री हर्ष संघवी के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए रेस्ट शेल्टर, पार्किंग, फ्री फूड शेल्टर, पेयजल, टॉयलेट ब्लॉक, मेडिकल सेंटर और सीसीटीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
मेले के दौरान करीब 12,300 वर्ग मीटर क्षेत्र में रेस्ट शेल्टर बनाए गए हैं, जहां हजारों यात्रियों के लिए बेड और फ्लोर बेडिंग की व्यवस्था है। श्रद्धालुओं के लिए 30 वाटर पैगोडा और करीब 2,190 वर्ग मीटर में फ्री फूड शेल्टर भी बनाए गए हैं।
स्वच्छता के लिए कुल 33 टॉयलेट ब्लॉक तथा वाहनों के लिए करीब 2.67 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 6 फर्स्ट एड काउंटर और 10 मेडिकल/लॉस्ट एंड फाउंड सेंटर कार्यरत रहेंगे।
यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए करीब 4,000 वर्ग मीटर में साइनेज और होर्डिंग्स, 6 वेलकम आर्च तथा बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। स्थानीय कारीगरों और व्यापारियों को अवसर देने के लिए करीब 216 क्राफ्ट स्टॉल भी लगाए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार, मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
