गोधरा रेलवे स्टेशन का हुआ कायाकल्प, ₹7 करोड़ में मिला आधुनिक सुविधाओं का नया रूप
गोधरा: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गोधरा रेलवे स्टेशन का ₹7 करोड़ की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया गया है। अब स्टेशन यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं, बेहतर सुरक्षा और आरामदायक यात्रा अनुभव के साथ नई पहचान देगा।
विकास कार्यों के तहत स्टेशन भवन को आधुनिक रूप दिया गया है। करीब 1000 वर्गमीटर का आकर्षक फसाड, 120 वर्गमीटर पोर्च और 700 वर्गमीटर का विशाल कॉन्कोर्स हॉल तैयार किया गया है। महिला यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक महिला प्रतीक्षालय भी बनाया गया है।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्टेशन पर दूसरे प्रवेश द्वार का विकास किया गया है, जिसमें नया स्टेशन भवन और 1500 वर्गमीटर का सर्कुलेटिंग एरिया शामिल है। वहीं प्लेटफॉर्म नंबर 1, 2/3 और 4/5 को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है।
स्टेशन पर बेहतर यात्री सुविधाओं के लिए नई प्लेटफॉर्म सरफेसिंग, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, आधुनिक शौचालय, टैक्टाइल टाइल्स और यात्री सूचना प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों को धूप और बारिश से बचाने के लिए करीब 3000 वर्गमीटर क्षेत्र में कवर ओवर प्लेटफॉर्म (COP) भी बनाया गया है।
इसके अलावा स्टेशन परिसर में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 2000 वर्गमीटर स्कूटर पार्किंग, 2000 वर्गमीटर एप्रोच रोड और अतिरिक्त सर्कुलेटिंग एरिया विकसित किया गया है। दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिकों के लिए लिफ्ट एवं सुगम आवागमन की सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।
वडोदरा मंडल के अनुसार, गोधरा रेलवे स्टेशन का यह पुनर्विकास भारतीय रेल के आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-केंद्रित स्टेशन विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नया स्वरूप मिलने के बाद यह स्टेशन क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।
