चुनाव बाद हिंसा व हत्या मामले में फरार आरोपित सिलीगुड़ी से गिरफ्तार

0
0929c0db34bcebf0ff257ea2ab66ddd3

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने चुनाव बाद हुई हिंसा और मणिक मैत्रा हत्या मामले में आरोपित को गुरुवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान श्यामल बर्मन के रूप में हुई है। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था। सीबीआई ने उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये इनाम की घोषणा की थी।
सीबीआई के अनुसार, कलकत्ता उच्च न्यायालय के 27 अगस्त 2021 के आदेश के अनुपालन में एजेंसी ने इस मामले को अपने हाथ में लिया था। एजेंसी ने कूचबिहार के सीतलकुची थाने में चुनाव बाद हुई हिंसा और मणिक मैत्रा की हत्या के आरोपों को लेकर 05 मई 2021 को दर्ज प्राथमिकी संख्या 104/2021 के आधार पर 27 अगस्त 2021 को यह मामला दर्ज किया था।
जांच के बाद, सीबीआई ने 27 सितंबर 2021 को 06 आरोपितों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। इसके बाद आगे की जांच करते हुए 26 अप्रैल 2022 और 11 अगस्त 2022 को 18 और आरोपितों के खिलाफ पूरक आरोप पत्र (सप्लीमेंट्री चार्जशीट) दाखिल किए गए।
चूंकि आरोपित श्यामल बर्मन फरार चल रहा था और अदालती सुनवाई की प्रक्रिया से बच रहा था इसलिए कूचबिहार जिला स्थित माथाभांगा के एसीजेएम कोर्ट ने 08 फरवरी 2022 को आदेश जारी कर उसे घोषित अपराधी ठहराया था। सीबीआई ने गिरफ्तारी के बाद आरोपित को सिलीगुड़ी की सक्षम अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में जांच लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *