नशा मुक्ति अभियान में बड़ी कार्रवाई, 1.26 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार

0
34bc3f78a3f5a1ae11478f76ff7586f4

भोपाल{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टीला जमालपुरा थाना पुलिस ने एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1.267 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर संचालित नशा मुक्ति अभियान के तहत गुरुवार को टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हरिजन बस्ती स्थित पानी की टंकी के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में गांजा लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान शाहिद खान (47) निवासी करीम बक्स कॉलोनी, भोपाल के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद ग्रे रंग के बैग से गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी से मादक पदार्थ रखने संबंधी वैध दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने गांजा जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि शाहिद खान का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ पहले से लूट, आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही है।
प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। जांच एजेंसियां उसके संपर्कों और संभावित तस्करी नेटवर्क की जानकारी भी जुटा रही हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *