नूरपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा तीन राज्यों में सक्रिय अंतरराज्यीय नशा तस्कर, 264 ग्राम चिट्टे की बड़ी खेप भी बरामद

0
feb71f3fa7763d97248d62fc784bc73a

धर्मशाला{ गहरी खोज }: नूरपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय नेटवर्क को तोड़ने में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने तीन राज्यों में अपना नेटवर्क चला रहे पंजाब के एक कुख्यात नशा तस्कर की गाड़ी से 264 ग्राम चिट्टा बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। नूरपुर के तहत मीलवां में हिमफेड मिल्क प्लांट के पास त्वरित कार्रवाई के दौरान सीआईए टीम ने एक सफेद रंग की होंडा अमेज कार नंबर पीबी-06डब्ल्यू-4003 की तलाशी लेकर 264.6 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। एनडीपीएस एक्ट के तहत बरामद हेरोइन की यह खेप व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आती है। मौके से पंजाब के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि उलेहड़ियां-मीलवां मार्ग पर रेलवे फाटक के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि पंजाब का एक सप्लायर अपनी कार में भारी मात्रा में हेरोइन छिपाकर मीलवां इलाके में सप्लाई देने आया है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए स्वतंत्र गवाहों को साथ लिया और मौके पर पहुंचकर संदिग्ध गाड़ी को घेर लिया।
जब गाड़ी की तलाशी ली गई, तो स्टीयरिंग काउल कवर के अंदर छुपाकर रखा गया एक पारदर्शी पॉलिथीन पैकेट बरामद हुआ। ड्रग डिटेक्शन किट से मौके पर जांच करने पर पदार्थ के हेरोइन होने की पुष्टि हुई, जिसका कुल वजन 264.6 ग्राम पाया गया। आरोपी की पहचान जितेंद्र सिंह (उम्र 41 वर्ष) निवासी, गांव भर्टवाल, डाकघर रियाली कलां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी का नेटवर्क कई राज्यों में फैला हुआ है। इसके खिलाफ पहले से ही जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई से तीन राज्यों में फैले अंतरराज्यीय नशा नेटवर्क की कड़ियों को तोड़ने में बड़ी मदद मिलेगी। चिट्टा तस्करी में इस्तेमाल की गई होंडा अमेज कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे डिलीवर किया जाना था, ताकि पूरे नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *