तीन दिन में 16780 परीक्षार्थियों ने छोडी उप्र पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा
प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर बोलीं, जिले में 3 दिन शांतिपूर्ण व सकुशल संपन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा
मुरादाबाद{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा मुरादाबाद जनपद में बीते तीन दिनों में शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई। जिले में तीन दिन में 16780 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। मुरादाबाद में पहले दिन 5722, दूसरे दिन 5570 और तीसरे दिन 5488 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। एग्जाम के दौरान जिलाधिकारी डॉ राजेंद्र कुमार पैंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल सहित विभिन्न पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने जिले में विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं आदि को लेकर निरीक्षण किया।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय के अनुसार दी गई सूचना के आधार पर मुरादाबाद जनपद में आज तीसरे दिन भी 28 परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों में कुल 24768 अभ्यर्थी पंजीकृत थे जिसमें पहली पाली में 12384 पंजीकृत अभ्यर्थियों में 9528 परीक्षा देने पहुंचे और 2802 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 12384 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 9698 ही परीक्षा देने पहुंचे और 2686 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। आज दोनों पालियों में 5488 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर ने बताया कि बुधवार को तीसरे दिन भी उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा 28 परीक्षा केंद्रों पर सकुशल व शांतिपूर्ण संपन्न हुई है।
