बारिश से पहले निगम की सख्ती, मुराई मोहल्ला में तीन जर्जर मकान ढहाए

0
32fd0c5b6953edbcfd9bbe84c45e1acf

आसपास के पुराने मकानों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरती, चिन्हित भवनों पर कार्रवाई जारी रहेगी

इंदौर{ गहरी खोज }: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में मानसून से पहले संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर निगम ने जर्जर भवनों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को निगम की टीम ने छावनी क्षेत्र स्थित मुराई मोहल्ला में तीन खतरनाक और जर्जर मकानों को हटाने की कार्रवाई की।
जोन क्रमांक-11 के भवन एवं रिमूवल अधिकारी अंकेश बिरथरिया ने बताया कि नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। संबंधित भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में थे और बारिश के दौरान इनके गिरने से जन-धन हानि की आशंका बनी हुई थी।
उन्होंने बताया कि मकानों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया, लेकिन जर्जर भवनों के पीछे स्थित मकान भी पुराने और संवेदनशील होने के कारण निगम की टीम को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ी। पूरी कार्रवाई बेहद सावधानी और तकनीकी निगरानी के साथ की गई, ताकि आसपास के भवनों को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
निगम अधिकारियों के अनुसार शहरभर में चिन्हित जर्जर भवनों की सूची तैयार की गई है और बारिश से पहले ऐसे सभी खतरनाक भवनों पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई जारी रहेगी। निगम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे जर्जर भवनों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *