सीएसपी लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, लाइनर बने सीएसपी संचालक समेत दो गिरफ्तार : एसपी

0
c969778902b2ae0706ec379672e1cf46

सीवान{ गहरी खोज }: जिले में सीएसपी संचालकों से हुई दो चर्चित लूट की घटनाओं का पुलिस ने सफल उद्भेदन करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक पुरन कुमार झा ने मंगलवार को बताया कि लकड़ीनवीगंज और बसंतपुर में हुई सीएसपी लूटकांड की घटनाओं के अनुसंधान के दौरान एक संगठित गिरोह का खुलासा हुआ है, जिसमें एक सीएसपी संचालक भी लाइनर के रूप में काम कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी में बसंतपुर थाने के शेखपुरा निवासी साजिद अली एवं मौलानापुर निवासी आनंद कुमार शामिल है।एसपी ने बताया कि 17 अप्रैल 2026 को लकड़ीनवीगंज थाना क्षेत्र में स्टेट बैंक के सीएसपी संचालक से लूट की घटना हुई थी। इसके बाद 1 जून 2026 को बसंतपुर थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की एक और घटना को अंजाम दिया गया। दोनों मामलों के उद्भेदन एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए महाराजगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमन के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 9 जून को मदारपुर गांव में वाहन जांच अभियान के दौरान साजिद अली को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा लूट का एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ में साजिद अली ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लकड़ीनवीगंज एवं बसंतपुर में सीएसपी संचालकों से लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही तथा बैंक के सीसीटीवी फुटेज के तकनीकी विश्लेषण के आधार पर दूसरे आरोपी आनंद कुमार को गिरफ्तार किया गया।
उसके पास से दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए।एसपी पुरन कुमार झा ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आनंद कुमार स्वयं एक सीएसपी संचालक है और वह अपराधियों को ग्राहकों की गतिविधियों तथा नकदी की जानकारी देकर लाइनर का काम करता था। इसके बदले उसे लूटी गई रकम का लगभग 30 प्रतिशत हिस्सा मिलता था। सीसीटीवी फुटेज में भी वह दोनों घटनाओं के दौरान बैंक परिसर में वादी के आसपास संदिग्ध रूप से मौजूद दिखाई दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में संलिप्त तीन अन्य अपराधियों को सारण जिले के इसुआपुर थाना पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। उन्हें पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। वहीं शेष फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।एसपी ने कहा कि अपराधियों के आर्थिक लेन-देन और बैंक खातों की भी गहन जांच की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *