लखनऊ में लाखों रुपये की नकली करंसी के साथ तीन गिरफ्तार

0
ca8ad06632b98a0c33fbfe1366efeac3

लखनऊ{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली करंसी को असली नोटो में बदलने वाले गिरोह के तीन अपराधियाें काे गिरफ्तार किया है। इनके पास पुलिस को 13,95,600 रुपये की नकली करंसी बरामद हुई है। डीसीपी नॉर्थ गोपाल कृष्ण चौधरी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार की देर रात को मड़ियांव पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान एक सूचना मिली कि घैला पुल के पहले दाहिने तरफ खाली पड़े मैदान में एक टीन शेड के पास तीन लड़के मौजूद हैं। उनके पास नकली करंसी के नोट हैं, जो किसी व्यक्ति को देने के इन्तजार कर रहे हैं। यदि जल्दी की जाये तो पकड़े जा सकते हैं। इस सूचना पर पुलिस ने उन तीनों लड़कों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम आजमगढ़ निवासी आलोक सिंह, सोनू उर्फ गोलू और बृजेश विश्वकर्मा बताया। अभियुक्तगण के कब्जे से नकली करेंसी के 500 रुपये के 1402 नोट (14 गड्डी), 100 रुपये के 6946 नोट (70 गड्डी) कुल 13,95,600 रुपये की नकली करंसी बरामद की हैं। डीसीपी ने बताया कि अभियुक्तों को गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगा रही है इनके गिरोह में और कौन लोग शामिल हैं, जल्द उनके साथियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *