12 साल में बदला भारत, केंद्र में रहा गरीब और वंचित वर्ग : प्रधानमंत्री मोदी

0
419414-narendra-modi-namaste

नई दिल्ली{ गहरी खोज }: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय जानता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार में पिछले 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि इस 12 साल में भारत ने अनेक परिवर्तन देखे हैं और इन बदलावों के केंद्र में गरीब, वंचित तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का कल्याण रहा है। अंत्योदय की भावना से प्रेरित होकर सरकार ने यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि विकास का लाभ उन लोगों तक पहुंचे, जो दशकों तक इससे वंचित रहे।
प्रधानमंत्री ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा कि जनधन खातों, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का उद्देश्य लोगों को सम्मानजनक जीवन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराना रहा है।
उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण की दिशा में प्रौद्योगिकी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। डीबीटी और डिजिटल प्लेटफार्मों के माध्यम से सरकारी सहायता सीधे और पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों तक पहुंच रही है। इससे रिसाव में कमी आई है, कार्यकुशलता बढ़ी है और शासन व्यवस्था में लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गरीब कल्याण की यह यात्रा अब मानव सशक्तीकरण के एक व्यापक अभियान में बदल गई है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सरकार का निरंतर प्रयास रहा है कि विकास की मुख्यधारा से लंबे समय तक दूर रहे लोगों को भी समान अवसर और सुविधाएं उपलब्ध हों।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते 12 वर्षों में लागू की गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है और यही प्रयास विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव बन रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *