मुख्यमंत्री ने औरैया एसपी अभिषेक भारती की सराहना की, कानून व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश

0
414fad39b2873927f4e4d20756440eae

औरैया{ गहरी खोज }: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से औरैया जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एवं 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक भारती ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मुलाकात के दौरान एसपी अभिषेक भारती ने मुख्यमंत्री को जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियानों, विभिन्न मामलों के सफल खुलासों तथा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। जिले में हाल ही में हुए कई महत्वपूर्ण मामलों के सफल अनावरण और अपराध नियंत्रण की स्थिति से अवगत होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसपी अभिषेक भारती के कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसी तरह सक्रिय एवं प्रभावी पुलिसिंग जारी रखी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए तथा जनता में सुरक्षा का विश्वास और अधिक मजबूत किया जाए। एसपी अभिषेक भारती ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि शासन की मंशा और निर्देशों के अनुरूप जिले में बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। मुलाकात के दौरान एसपी अभिषेक भारती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनका एक आकर्षक चित्र (सीनरी) भी भेंट किया। मुख्यमंत्री ने इस उपहार को स्वीकार करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की।
उल्लेखनीय है कि आईपीएस अभिषेक भारती अपनी सख्त कार्यशैली और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं। उनके नेतृत्व में औरैया पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, जिससे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन का भरोसा और अधिक मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *