साल्टलेक तृणमूल दफ्तर से मिले 100 से अधिक आधार कार्ड
कोलकाता{ गहरी खोज }: बिधाननगर नगर निगम के वार्ड संख्या-36 के बसंती देवी कॉलोनी इलाके में रविवार सुबह एक तृणमूल कांग्रेस कार्यालय से भारी मात्रा में आधार कार्ड और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हलचल फैल गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दो नंबर बसंती देवी कॉलोनी स्थित उक्त कार्यालय लंबे समय से बंद पड़ा था। इलाके में पहले से ही सरकारी जमीन और तालाबों को भरकर अवैध तरीके से जमीन की खरीद-फरोख्त किए जाने की शिकायतें उठती रही हैं। रविवार सुबह संदेह के आधार पर जब लोगों ने कार्यालय का ताला खोलकर अंदर देखा तो वहां रखी अटैचियों और फाइलों में सैकड़ों लोगों के आधार कार्ड, पहचान पत्र और सरकारी जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़े कई दस्तावेज मिले। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना विधाननगर दक्षिण थाने की पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बरामद दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जिन लोगों के आधार कार्ड और अन्य कागजात मिले हैं, उन्हें बाद में थाने बुलाकर आवश्यक सत्यापन के बाद दस्तावेज लौटाए जाएंगे। फिलहाल संबंधित कार्यालय को सील कर दिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से सरकारी जमीन पर कब्जा और अवैध खरीद-फरोख्त का खेल चल रहा था।
